कर्नाटक चुनाव: राहुल फील्ड में तो प्रियंका सोशल मीडिया पर एक्टिव

punjabkesari.in Wednesday, May 09, 2018 - 09:33 AM (IST)

जालंधर(धवन): कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी जहां एक ओर फील्ड में चुनावी मोर्चा संभाले हुए हैं तो दूसरी तरफ उनकी बहन प्रियंका गांधी सोशल मीडिया पर पूरी तरह से एक्टिव हैं। कर्नाटक में विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस तथा भाजपा बुरी तरह से एक-दूसरे से भिड़े हुए हैं। 



कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी लगातार कर्नाटक के दौरे कर रहे हैं तथा केन्द्र में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली राजग सरकार पर जमकर सियासी मुद्दों को लेकर प्रहार करने में जुटे हुए हैं। फील्ड में राहुल गांधी की लगातार व्यस्तताएं बनी हुई हैं तो दूसरी तरफ उनकी बहन प्रियंका गांधी भी पीछे नहीं हैं। प्रियंका गांधी चाहे अभी तक पूरी तरह से सक्रिय राजनीति में नहीं आई हैं परन्तु सोशल मीडिया पर अपने भाई राहुल गांधी द्वारा राजग सरकार पर किए जाने वाले प्रहारों को लेकर वह भी पूरी तरह से एक्टिव हो गई हैं। सोशल मीडिया जैसे फेसबुक, ट्विटर पर लगातार प्रियंका गांधी के पोस्ट आ रहे हैं जिनमें वह लगातार जहां मोदी सरकार को निशाना बना रही हैं, वहीं विभिन्न मुद्दों पर लगातार टिप्पणियां भी कर रही हैं।

भाजपा के आई.टी. सैल द्वारा  फैलाए जा रहे भ्रमों का जवाब देते हुए प्रियंका ने जनता की बात सर्वे को पूरी तरह से ठुकरा दिया। इस सर्वे में भाजपा ने कर्नाटक में उसे 135 सीटें तथा कांग्रेस को मात्र 35 सीटें मिलने का दावा किया था तथा यह भी कहा था कि यह सर्वे बी.बी.सी. द्वारा करवाया गया है। प्रियंका ने बी.बी.सी. के इस सर्वे को फेसबुक पर जाली करार दिया था। बी.बी.सी. ने इसमें दावा किया था कि वह भारत में कोई भी प्री-इलैक्शन सर्वे नहीं करती है। बी.बी.सी. द्वारा सोशल मीडिया पर डाली गई पोस्ट को प्रमुखता से प्रियंका ने जनता के सामने लाने की कोशिश की कि किस तरह से भाजपा चुनावी हथकंडे अपना रही है। प्रियंका पिछले 15-20 दिनों से लगातार सोशल मीडिया पर पूरी तरह से सक्रिय हैं तथा दिन में वह कई बार तो आधा दर्जन से लेकर एक दर्जन पोस्टें भी अपलोड कर रही हैं। 

Vatika