मिशन -2019 की तैयारी, 50 कांग्रेस सदस्य बनाओ और राहुल से मिलो

punjabkesari.in Thursday, Jun 21, 2018 - 10:20 AM (IST)

जालंधर (धवन): कांग्रेस नेतृत्व ने मिशन -2019 की तैयारी शुरू कर दी है। इस वर्ष होने वाले राज्य विधानसभा चुनावों की तरफ कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपना ध्यान केन्द्रित किया है, जिसके तहत कांग्रेसी नेताओं को कहा जा रहा है कि वे ब्लाक स्तर पर 50 कांग्रेसी सदस्य बनाएं तथा इसके बाद उन्हें राहुल गांधी अपने पास मुलाकात करने के लिए बुलाएंगे।



कांग्रेस नेतृत्व ने यह कदम जमीनी स्तर से जुड़े कांग्रेसी कार्यकत्र्ताओं का उत्साह बढ़ाने के लिए उठाया है। ऐसा करने पर उन्हें राहुल से मिलने का मौका मिल जाएगा। कांग्रेस ने अपना नया अभियान राजस्थान, छत्तीसगढ़ में चलाया है जहां नवम्बर में चुनाव होने हैं। इसके अतिरिक्त दिल्ली, मुम्बई तथा तेलंगाना में भी यह अभियान शुरू कर दिया गया है। नए सदस्य बनाने वाले कांग्रेसी नेता शक्ति नामक एप पर अपना संदेश कांग्रेस नेतृत्व को भेजेंगे। मोबाइल नम्बर पर संदेश जाने पर कांग्रेसी नेता का नाम पंजीकृत कर लिया जाएगा। अगले चरण में ऐसे कांग्रेसी नेता कांग्रेस समर्थक परिवारों से सम्पर्क साधेंगे तथा बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत बनाएंगे। पंजीकृत होने वाले नए सदस्यों के साथ-साथ कांग्रेसी नेताओं को नए अंक मिलते जाएंगे। 


कांग्रेस की राज्य इकाइयां इस अभियान पर नजर रखेंगी। चुनावी राज्यों में कांग्रेसी नेताओं से यह भी कहा गया है कि जिला स्तर पर अगर वे 200 सदस्य तथा राज्य स्तर पर 500 सदस्य बनाते हैं तो राहुल गांधी उनसे विस्तार से बातचीत करवाई जाएगी। छत्तीसगढ़ में पार्टी अब तक 50000 तथा राजस्थान में 2 लाख नए सदस्यों का पंजीकरण कर चुकी है। चुनावी राज्यों में कार्य सम्पन्न करने के बाद पार्टी लीडरशिप द्वारा ऐसा ही एक अभियान ओडिशा, गुजरात तथा मध्य प्रदेश में शुरू किया जाएगा। 

Vatika