Weather Update: अगले 3 दिनों तक शीतलहर से राहत नहीं
punjabkesari.in Sunday, Jan 31, 2021 - 09:31 AM (IST)
चंडीगढ़/श्रीनगर(वार्ता): पश्चिमोत्तर क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से शीतलहर का प्रकोप बना हुआ है और अगले 3 दिनों तक ऐसा मौसम बने रहने के आसार हैं। मौसम केन्द्र के अनुसार अगले 3 दिनों तक मौसम खुश्क बने रहने तथा 3 फरवरी को गरज के साथ बूंदाबांदी या बारिश होने की संभावना है। इस बीच कोहरा, पाला और शीतलहर की स्थिति बने रहने के आसार हैं। कई दिनों से क्षेत्र में कड़ाके की ठंड के कारण आदमपुर का पारा 0.5 डिग्री, अमृतसर एक डिग्री, नारनौल, सिरसा, बठिंडा, हलवारा का पारा क्रमश: 2 डिग्री रिकार्ड किया गया।
क्षेत्र में आज खिली धूप ने सर्दी से राहत प्रदान की। हिसार, पठानकोट, गुरदासपुर का पारा 3 डिग्री, भिवानी तथा करनाल 4 डिग्री, अम्बाला, लुधियाना तथा रोहतक का पारा 5 डिग्री, पटियाला 6 डिग्री, दिल्ली का पारा 5 डिग्री और चंडीगढ़ का 7 डिग्री रहा। श्रीनगर का पारा -7 डिग्री, जम्मू 4 डिग्री रहा। हिमाचल प्रदेश में न्यूनतम पारे में गिरावट दर्ज की गई। शिमला 2 डिग्री, धर्मशाला 2 डिग्री, कांगड़ा, ऊना, मनाली क्रमश: एक डिग्री, मंडी शून्य डिग्री, नाहन 8 डिग्री, सुंदरनगर तथा भुंतर 0.1 डिग्री, सोलन शून्य डिग्री और कल्पा -3 डिग्री रहा।
घाटी में न्यूनतम तापमान शून्य से कई डिग्री नीचे
कश्मीर में शनिवार को भी शीतलहर का प्रकोप जारी रहा और घाटी में न्यूनतम तापमान शून्य से कई डिग्री नीचे रहा। जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में तापमान शून्य से 7.2 डिग्री सैल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो इससे पूर्ववर्ती रात के शून्य से 7.7 डिग्री सैल्सियस नीचे के तापमान से थोड़ा अधिक है।