पंजाब समेत उत्तर भारत में आज से खराब रहेगा मौसम, विभाग ने दी जानकारी
punjabkesari.in Wednesday, Feb 03, 2021 - 10:58 AM (IST)

नई दिल्ली/मनाली(एजैंसियां/नि.स.): पंजाब समेत भारत के उत्तरी और मध्य भाग में 3 से 5 फरवरी के बीच बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान बर्फबारी, बिजली कड़कने और ओले गिरने की प्रबल संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने मंगलवार को यह जानकारी दी। आई.एम.डी. ने कहा कि उत्तर पश्चिमी और मध्य भारत के ज्यादातर इलाकों में न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने की पूरी संभावना है और अगले 24 घंटे में शीतलहर से निजात मिल सकती है।
मौसम पूर्वानुमान केंद्र के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कारण अफगानिस्तान के ऊपर चक्रवात की स्थिति बन रही है, मध्य पाकिस्तान और पश्चिमी राजस्थान के ऊपर भी चक्रवात की स्थिति है। इन बदलाव के कारण उत्तर पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र के ऊपर का मौसम प्रभावित हो सकता है। हिमाचल प्रदेश में 4 फरवरी को और जम्मू-कश्मीर में 3 और 4 फरवरी को भारी बारिश या बर्फबारी हो सकती है। मंगलवार को श्रीनगर और पहलगाम को छोड़कर कश्मीर में न्यूनतम तापमान में इजाफा हुआ।