Punjab : जानिए क्या हैं आज की दिन भर की मुख्य खबरें

punjabkesari.in Friday, Dec 03, 2021 - 09:26 PM (IST)

जालंधर:  पंजाब विधानसभा चुनाव से ठीक पहले शिरोमणि अकाली दल (बादल) के बड़े नेता और राष्ट्रीय जनरल सचिव मनजिन्दर सिंह सिरसा के भारतीय जनता पार्टी में जाने से कयास लगाए जा रहे हैं कि पंजाब के कई बड़े सिख नेता भाजपा में शामिल हो सकते हैं। नवजोत सिद्धू आज हाईकमान से मुलाकात करने के लिए दिल्ली रवाना हुए हैं। इस दौरान उनके साथ राजा वड़िंग व सिद्धू मूसेवाला भी हैं। किसानों के विरोध के बाद कंगना रनौत ने आज  किसानों और महिलाओं से माफी मांग ली है। पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला ने शुक्रवार को कांग्रेस के साथ हाथ मिला लिया है। उनके आने से कांग्रेस में एक बड़ा सियासी धमाका हुआ है।  जाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिद्धू को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जानकारी के अनुसार पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने नवजोत सिद्धू के इनकम टैक्स मामले में अपना निर्णय सुना दिया है। शिरोमणि अकाली दल (ब) के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने आज से 2 महीने पहले भाजपा के वरिष्ठ नेता पूर्व कैबिनेट मंत्री अनिल जोशी और उनके साथियों को अकाली दल में शामिल करके भाजपा पर ‘नहला’ फैंका था। ऐसी ही दिनभर की खास खबरें हम आपके लिए लाए हैं जो आप अपने व्यस्त शेड्यूल के चलते मिस कर जाते हैं। इस न्यूज बुलेटिन में हम आपको पंजाब से जुड़ी बड़ी खबरें बताने जा रहे हैं।

मनजिन्दर सिरसा के भाजपा में शामिल होने पर पंजाब की राजनीति में लग सकती है बड़ी ‘सेंध ’
पंजाब विधानसभा चुनाव से ठीक पहले शिरोमणि अकाली दल (बादल) के बड़े नेता और राष्ट्रीय जनरल सचिव मनजिन्दर सिंह सिरसा के भारतीय जनता पार्टी में जाने से कयास लगाए जा रहे हैं कि पंजाब के कई बड़े सिख नेता भाजपा में शामिल हो सकते हैं। शिरोमणि अकाली दल के कई बड़े नेता, आधी दर्जन से अधिक विधायक भी भगवा पार्टी में जाने के इच्छुक बताए जा रहे हैं। राजनीतिक हलकों में चल रही चर्चाओं पर यकीन करें तो अकाली दल के पूर्व सांसद प्रेम सिंह चन्दूमाजरा का नाम भी चल रहा है। इसके साथ ही आम आदमी पार्टी के साथ नाराज चल रहे सांसद भगवंत मान को भी अपनी तरफ खींचने की कोशिश भाजपा कर रही है।

सिद्धू मूसेवाला नवजोत सिद्धू संग दिल्ली हुए रवाना, हाईकमान से करेंगे मुलाकात
नवजोत सिद्धू आज हाईकमान से मुलाकात करने के लिए दिल्ली रवाना हुए हैं। इस दौरान उनके साथ राजा वड़िंग व सिद्धू मूसेवाला भी हैं। थोड़ी देरे पहले ही उन्होंने सिद्धू मूसेवाला को आज कांग्रेस में शामिल किया था। दिल्ली पहुंचने पर वह हाईकमान से मुलाकात करेंगे। 

पंजाब में पहुंची कंगना रनौत को किसानों से आखिर क्यों मांगनी पड़ी माफी
किसानों के विरोध के बाद कंगना रनौत ने आज  किसानों और महिलाओं से माफी मांग ली है। माफी मांगने के बाद ही कंगना रनौत को श्री कीरतपुर साहिब से निकलने का रास्ता दिया गया। रोपड़ टोल प्लाजा पर ही कंगना रनौत का विरोध किया गया। श्री कीरतपुर साहिब पहुंची कंगना रनौत को  किसानों ने उसे माफी मांगने के लिए कहा। किसानों के विरोध के बाद कंगना ने नाराजगी जताते हुए कहा यह प्रदर्शन मॉब लिचिंग बताया है। उन्होंने कहा कि अगर सुरक्षा न हो तो क्या हालात होंगे।

कांग्रेस का सियासी धमाका, सिद्धू मूसेवाला की कांग्रेस में एंट्री (देखें तस्वीरें)
पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला ने शुक्रवार को कांग्रेस के साथ हाथ मिला लिया है। उनके आने से कांग्रेस में एक बड़ा सियासी धमाका हुआ है। नवजोत सिद्धू और मुख्यमंत्री चन्नी ने सिद्धू मूसेवाला का कांग्रेस में स्वागत किया है। इसी दौरान कांग्रेस प्रधान नवजोत सिद्धू का बयान सामने आ रहा है कि सिद्धू मूसेवाला कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। उन्होंने कहा कि सिद्धू मूसेवाला उनके परिवार में नए नहीं है। उन्होंने कहा कि मूसेवाला के कांग्रेस में आने से कांग्रेस का मान बढ़ा है। आपको बता दें कि सिद्धू मूसेवाल की माता भी कांग्रेस की सरपंच है। 

नवजोत सिद्धू से जुड़ी बड़ी खबर, हाईकोर्ट ने इनकम टैक्स मामले में सुनाया यह फैसला
पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिद्धू को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जानकारी के अनुसार पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने नवजोत सिद्धू के इनकम टैक्स मामले में अपना निर्णय सुना दिया है। हाईकोर्ट ने सिद्धू के हक में फैसला सुनाया है और इनकम टैक्स विभाग को सिद्धू की अपील सुनने का निर्देश दिया है। अब विभाग खुद ही सिद्धू की अपील सुनेगा। गौरतलब हो कि विभाग ने नवजोत सिद्धू की अपील को खारिज कर दिया था।

कांस्टेबल भर्ती को लेकर बड़ा खुलासा, पुलिस प्रशासन पर उठ सकते हैं सवाल (तस्वीरें)
कांस्टेबल की भर्ती को लेकर बड़ा खुलासा सामने आ रहा है कि एक विद्यार्थी ने आरोप लगाया है कि मोहाली में एक अफसर ने उसको डायरेक्ट भर्ती के लिए 700000 रुपए की रिश्वत मांगी। कांस्टेबल की भर्ती को लेकर पूरे फर्जीवाड़े में इसलिए 3 दिन से संघर्ष कर रहे धरना प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों ने आज जालंधर के पी.ए.पी. चौक पर लगाया धरना लगाया हुआ है। कल रात से ठंड में बैठे यह लड़के-लड़कियों की कोई भी प्रशासन अधिकारी सुध लेने नहीं पहुंचा है। उनका आरोप है जो पुलिस अफसर आ रहे हैं,  वह उनको यहां से मारकर भगाने की और गाली-गलौच करने की धमकियां दे रहे हैं । 

सिद्धू मूसेवाला के कांग्रेस में शामिल होते ही पार्टी में उठे बगावती सुर
नवजोत सिद्धू और पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के सिद्धू को कांग्रेस में शामिल करने के बाद मानसा से संबंधित कांग्रेसी वर्करों में भारी रोष देखने को मिल रहा है। जानकारी के अनुसार कांग्रेसी वर्करों ने मानसा में भारी मात्रा में इकट्ठ कर लिया है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा है कि सिद्धू मूसेवाला को मानसा से टिकट नहीं मिलनी चाहिए नहीं तो वे बगावत पर उतर आएंगे। 

सुखबीर के जोशी ‘नहले’ पर भाजपा का सिरसा ‘दहला’
शिरोमणि अकाली दल (ब) के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने आज से 2 महीने पहले भाजपा के वरिष्ठ नेता पूर्व कैबिनेट मंत्री अनिल जोशी और उनके साथियों को अकाली दल में शामिल करके भाजपा पर ‘नहला’ फैंका था। इसे लेकर जालंधर का एक पूर्व भाजपा विधायक और फिरोजपुर का पूर्व विधायक भी सुखबीर की गाड़ी में चढ़ने की तैयारी कर चुका था लेकिन पता नहीं मौके पर ऐसा क्या हुआ कि अब सुखबीर से खफा हुई भाजपा ने दिल्ली में एक ही झटके से शिअद के वरिष्ठ नेता और दिल्ली गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान मनजिन्द्र सिंह सिरसा को भाजपा में शामिल करके अकाली दल पर ‘दहला’ फैंक दिया है।

RDX के बाद अब टिफिन बम और विस्फोटक सामग्री बरामद, किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में पाक
गत दिवस दीनानगर में आर.डी.एक्स. मिलने के बाद थाना सदर के अधीन पड़ते गांव से पुलिस ने टिफिन बम और विस्फोटक सामग्री बरामद की है। पुलिस इस संबंध में कोई भी खुलासा नहीं कर रही। गत दिवस पुलिस ने दीनानगर पुलिस स्टेशन के एक गांव से करीब 1 किलो आर.डी.एक्स. और डैटोनेटर बरामद किए थे जबकि उससे पहले थाना भैणी मियां खा के क्षेत्र से 2 आरोपियों को पिस्तौल सहित गिरफ्तार करके उनकी निशानदेही पर ग्रेनेड बरामद किए थे। लगातार मिल रही विस्फोटक सामग्री के चलते पुलिस और भी सतर्क हो गई है। इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता कि पाकिस्तान स्थित खुफिया एजेंसियां भारत और पंजाब में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।

PRTC कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर, ट्रांसपोर्ट विभाग ने लिया यह फैसला
पनबस और पी.आर.टी.सी. में लंबे समय से ठेके पर काम कर रहे कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है। ट्रांसपोर्ट विभाग ने ठेके पर काम करने वाले कर्मचारियों को पक्का करने की प्रपोजल बनाकर सरकार को भेज दी है। इसके अनुसार 2022 कर्मचारी पक्के किेए जा रहे हैं, जबकि 4600 कर्मचारियों के स्टाफ की पनबस और पी.आर.टी.सी. कंपनी में भर्ती होगी। पक्के करने और कंपनी में भर्ती करने का नियम उन कर्मचारियों पर लागू होगा, जिनको काम करते 6 वर्ष से अधिक समय हो चुका है। मौजूदा समय पनबस और पी.आर.टी.सी. में 6622 कर्मचारी कच्चे तौर पर काम कर रहे हैं। इनमें से पी.आर.टी.सी. में 2872, जबकि पनबस में 3750 कर्मचारी काम कर रहे हैं।

खन्ना के इस इलाके के 2 लोगों की डेंगू से हुई मौत
पंजाब में डेंगू भी धीरे-धीरे पकड़ बना रहा है। जानकारी के अनुसार पिछले 2 दिनों में 2 लोगों की डेंगू से मौत होने का समाचार प्राप्त हुआ है। बताया जा रहा है कि मरने वालों में एक 7वीं कक्षा का भी विद्यार्थी है। 

कल लग रहा है साल का अंतिम सूर्य ग्रहण, पढ़ें क्या है समय और आप पर क्या होगा असर
साल 2021 का दूसरा और अंतिम सूर्य ग्रहण कल यानि शनिवार 04 दिसंबर 2021 को लगने वाला है। जब चंद्रमा, सूर्य और पृथ्वी के बीच आ जाता है, इसी स्थिति को सूर्य ग्रहण कहा जाता है। 19 नवंबर 2021 को पूर्णिमा के दिन चंद्रग्रहण लगने के बाद अब 04 दिसंबर 2021 अमावस्या के दिन सूर्य ग्रहण लगने जा रहा है।

मल्टी-स्पेशलिटी अस्पताल स्थापित करने के लिए इन 2 कम्पनियों के बीच हुआ समझौता
नारायण हृदयालय लिमिटेड (एन.एच.एल.) और रितेश प्रॉपर्टीज एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आर.पी.आई.एल.) ने लुधियाना में एन.एच.एल. का पहला अत्याधुनिक मल्टी-स्पेशलिटी अस्पताल स्थापित करने के एक समझौता किया है। 2 लाख वर्ग  फ़ुट में बनने वाला यह अस्पताल एन.एच-05 (लुधियाना-चंडीगढ़ हाईवे) पर हैम्पटन होम्स प्रोजेक्ट के परिसर में बनेगा। 225 बिस्तरों की क्षमता वाला यह अस्पताल पंजाब के लोगों को विश्व स्तरीय हेल्थ केयर और डायग्नोस्टिक सुविधाएं प्रदान करेगा। इस संबंध में आज दिल्ली/एन.सी.आर. में आयोजित एक कार्यक्रम में संजीव अरोड़ा प्रबंध निदेशक, आर.पी.आई.एल. और कमांडर नवनीत बाली निदेशक उत्तरी क्षेत्र, नारायण हृदयालय ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। 

punjab politics: रिटायर्ड डी.टी.ओ. भाजपा में हुए शामिल, पढ़ें
रिटायर्ड डी.टी.ओ. गुरचरन संधू आज भाजपा में शामिल हो गए हैं। गुरचरन संधू मुक्तसर हलके से संबंधित हैं। उन्होंने बतौर डी.टी.ओ. पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों में शानदार सेवाएं निभाई हैं। भांगड़ा कलाकार के तौर पर भी गुरचरन संधू का जहां पंजाब में अलग नाम है वहीं वे स्टेट यूथ अवार्डी भी रह चुके हैं। समाजसेवा के विभिन्न कार्यों में संधू ने अग्रिम भूमिका निभाई है। 

पनबस/पी.आर.टी.सी. कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ इस तरह से निकाली अपनी भड़ास
पंजाब सरकार द्वारा पिछले लंबे समय से ट्रांसपोर्ट विभाग में कार्यरत कच्चे कर्मचारियों को पक्का न करने की सूरत में पंजाब रोडवेज पनबस/पी.आर.टी.सी. कांट्रैक्ट वर्कर यूनियन ने पंजाब भर के बस स्टैंडों को 2 घंटे के लिए बंद करके रोष प्रदर्शन किया। जिसमें समूह कर्मचारियों ने राज्य सरकार की वायदा खिलाफी के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। 

छुट्टी आए फौजी की संदिग्ध हालत में मौत
गांव जैतोसरजा में छुट्टी आए फौजी की संदिग्ध हालत में मौत होने का अति दुखदायी समाचार मिला है। इस संबंधी जानकारी देते थाना रंगड़ नंगल के एस.आई बघेल सिंह और ए.एस.आई हरपिंदर सिंह ने बताया कि मनदीप सिंह पुत्र गुरमुख सिंह निवासी जैतोसरजा जोकि 2018 में फौज में भर्ती हुआ था और बीकानेर में ड्यूटी पर तैनात था।

भयानक सड़क हादसे में इकलौते जवान बेटे की मौत, कार के उड़े परखच्चे
गांव भड़ाना-खोसा दल सिंह रोड पर घटे एक जबरदस्त सड़क हादसे में मां-बाप के इकलौते जवान बेटे की मौत हो जाने का दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। मृतक की पहचान दलजीत सिंह (30) पुत्र शविन्दर सिंह भुल्लर निवासी करमूंवाला, जिला फिरोजपुर के तौर पर हुई है। 

अकाली दल को लगा झटका, अब यह विधायक हुआ भाजपा में शामिल
शिरोमणि अकाली दल को एक और झटका लगा है। जानकारी के अनुसार आदमपुर के विधायक सरबजीत मक्कड़ ने अकाली दल का हाथ छोड़कर भाजपा का दामन पकड़ लिया है। बताया जा रहा है कि जगबीर बराड़ को अकाली दल ने टिकट काट कर दी थी तभी से ही सरबजीत मक्कड़ थोड़ा नाराज चल रहे थे। इसी नाराजगी से चलते वह भाजपा में शामिल हो गए हैं। बता दें कि सरबजीत जालंधर कैंट के हल्का इंचार्ज भी थे।

शादी वाले दिन बाराती पहुंचे थाने, जानें क्या है मामला
दूल्हे के साथी साकी डोली की गाड़ी ले जाते समय रास्ते में सकार्पियो गाड़ी छीन कर ले गए। पीड़ित ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम पर दी तो डेढ़ घंटे बाद ही पुलिस ने छीनी हुई गाड़ी और दूल्हे के दोनों साथी पकड़ कर थाने लेकर आए। जानकारी मुताबिक गत दिन गांव पुवादड़ा से दूल्हा फूलों के साथ सजाई हुई रेंज रोवर गाड़ी में बैठ कर विवाह करवाने के लिए निकला। देर रात साढ़े 8 बजे जब वह विवाह करवा कर अपनी दुल्हन के साथ गांव वापस जा रहा था तो स्थानीय शहर नजदीक पहुंचते ही दूल्हे की रेंज रोवर गाड़ी की मामूली-सी टक्कर जसप्रीत सिंह की सकार्पियो गाड़ी पी. बी. 08 ई.सी. 5793 के साथ हो गई, जिसके साथ दूल्हे की महंगी कार पर मामूली-सी खरौंच लग गई तो उसी समय तुरंत उस गाड़ी को चला रहा चालक मक्खन सिंह और राजू उसमें से बाहर निकले। पहले तो उन्होंने सकार्पियो चालक जसप्रीत को गलत बोलना शुरू कर दिया। उसके बाद वह जसप्रीत से सकार्पियो की चाबी पकड़ कर जबरन छीन कर अपने साथ ले गए।

अगर आपके पास भी हैं हथियार तो जरूर पढ़ें ये खबर, जिला प्रशासन ने जारी किए ये आदेश
विधानसभा चुनाव 2022 की तिथि अभी तक घोषित नहीं की गई और न ही केन्द्रीय चुनाव आयोग की तरफ से कोड ऑफ कंडक्ट लागू किया गया है, लेकिन जिला प्रशासन ने चुनावों को शांतिपूर्वक ढंग से करवाने के लिए सख्ती शुरू कर दी है।

पंजाब शिक्षा विभाग ने किए अधिकारियों के तबादले, पढ़ें लिस्ट
पंजाब सरकार द्वारा तबादलों का सिलसिला लगातार जारी है। इसी के तहत शिक्षा विभाग ने कुछ अधिकारियों के तबादले किए हैं, जिन अधिकारियों के तबादले हुए हैं, उनकी सूची निम्न है। 

कोरोना फिर पसार रहा पैर, आज इतने नए मामले आए सामने
जिले में आए दिन कोरोना धीरे-धीरे अपने पैर पसारने लगा है। जानकारी के अनुसार आज जिले में 10 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। 

2022 के चुनाव में कांग्रेस के सी.एम. चेहरे को लेकर राघव चड्ढा ने दिया यह बयान, पढ़ें
दिल्ली के विधायक और पंजाब मामलों के सह-प्रभारी राघव चड्ढा ने दावा किया कि कांग्रेस पार्टी मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को 2022 में मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार नहीं बनाएगी, क्योंकि यह मुख्यमंत्री चन्नी ने बीते कल स्वयं जाहिर किया है। चड्ढा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने चरणजीत सिंह चन्नी को 2022 में बतौर मुख्यमंत्री घोषित न करके पंजाब के रविदासिया भाईचारे से धोखा किया, जिस कारण रविदासिया भाईचारा आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी से बदला जरूर लेगा। 

गुरुद्वारा माथा टेकने गई 6 वर्षिय बच्ची लापता
गत तीन दिनों से गुरुद्वारा बाउली साहिब माथा टेकने गई 6 वर्षिय बच्ची की भेतभरे हालात में लापता हो जाने का मामला सामने आया है। संदीप कौर ने बताया कि उसकी पति के साथ अनबन होने के कारण वह कस्बे में किराए के मकान में अपनी बच्ची के साथ रह रही है। बीते मंगलवार उस की 6 वर्षिय बच्ची परवीन कौर घर से गुरुद्वारा साहिब माथा टेकने गई थी परन्तु वापस नहीं आई। 

लारैंस बिश्नोई का गैंगस्टर गिरफ्तार, डिप्टी मेयर के भाई-भतीजे पर किया हमला
मोगा पुलिस ने लारैंस बिश्नोई तथा शार्प शूटर गोल्डी बराड़ के साथी मोनू डागर पुत्र राम रोहेल को मोगा से गिरफ्तार किया है। उसके विरुद्ध थाना सिटी मोगा में मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू की गई है। जिला पुलिस अधीक्षक एस.एस. मंड ने बताया कि यह गैंगस्टर लारैंस बिश्नोई गैंग का शार्प शूटर है तथा इसकी गिरफ्तारी के लिए हरियाणा पुलिस द्वारा ईनामी राशि रखी गई थी। मोनू अपने अन्य साथी जोधा के साथ गत दिन काले रंग के सप्लैंडर मोटरसाइकिल पर पिस्तौलें लेकर आया तथा डिप्टी मेयर अशोक धमीजा के भाई सुनील धमीजा व भतीजे प्रथम पर नानक नगरी में हमला कर दिया। 

शिक्षा मंत्री परगट सिंह ने सरकारी कालेजों में खाली पदों की भर्ती को लेकर की यह पहल
अपने वायदे पर खरा उतरते शिक्षा मंत्री परगट सिंह ने राज्य के सरकारी कालेजों के लिए नए भर्ती किए गए सहायक प्रोफैसरों और लाइब्रेरियनों को नियुक्ति पत्र सौंपे। परगट सिंह ने बताया कि यह राज्य में उच्च शिक्षा के क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण पल है क्योंकि 25 सालों के लम्बे समय बाद रैगुलर नियुक्तियां की गई हैं। ध्यान रहे कि उच्च शिक्षा मंत्री परगट सिंह ने 19 अक्तूबर को सरकारी कालेजों में टीचिंग काडर की 1091 और लाइब्रेरियन की 67 पदों समेत 1158 पदों पर 45 दिनों के अंदर-अंदर भर्ती करने का वायदा किया था।

News Editor

Kamini