वैक्सीन लगवाने वालों को मुफ्त छोले-भटूरे खिला रहे संजय, मोदी ने भी की तारीफ

punjabkesari.in Monday, Jul 26, 2021 - 01:45 PM (IST)

चंडीगढ़ (राजिंद्र शर्मा): कोरोना महामारी के खिलाफ टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए चंडीगढ़ का एक शख्स भी जुटा हुआ है। सैक्टर-29 की मार्कीट में छोले-भटूरे का काम करने वाले संजय राणा कोरोना टीकाकरण करवाने वालों को मुफ्त में छोले-भटूरे खिला रहे हैं। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में उनके इस प्रयास की सराहना की है। प्रधानमंत्री ने कार्यक्र्रम के अंत में कहा कि एक साथी चंडीगढ़ शहर से हैं। मैं भी चंडीगढ़ में कुछ वर्षों तक रह चुका है। यह खुशमिजाज और खूबसूरत शहर है। यहां रहने वाले लोग भी दिलदार हैं। अगर आप खाने के शौकीन हैं तो आप को यहां और भी आनंद आएगा। 

इसी शहर के सैक्टर-29 में संजय राणा फूड स्टॉल चलाते हैं। एक दिन उनकी बेटी व भतीजी एक आइडिया के साथ उनके पास आईं तथा उन्हें कोविड वैक्सीन लगवाने वालों को फ्री में छोले-भटूरे खिलाने की सलाह दी। इसके लिए वह तुरंत मान गए और यह अच्छा व नेक प्रयास शुरू कर दिया। 

संजय राणा के मुफ्त में छोले-भटूरे खाने के लिए आपको मैसेज दिखाना पड़ेगा कि आपने उसी दिन कोरोना की वैक्सीन लगवाई है। वैक्सीन का मैसेज दिखाते ही वह आपको स्वादिष्ट छोले-भटूरे दे देंगे। वह पिछले डेढ़ महीने से इस कार्य में जुटे हुए हैं। यू.टी. प्रशासक वी.पी. सिंह बदनौर ने भी अपने सोशल मीडिया अकाऊंट से संजय के हौसले की तारीफ कर उसे सलाम किया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tania pathak

Recommended News

Related News