पंजाब व हरियाणा में बारिश, पारा सामान्य से अधिक; अटल टनल मार्ग पर हिमस्खलन

punjabkesari.in Thursday, Jan 07, 2021 - 09:10 AM (IST)

मनाली/श्रीनगर/ऊधमपुर/चंडीगढ़(एजैंसियां, रिपन, अरीज, रमेश): पहाड़ों पर भारी बर्फबारी आफत बन गई है। बर्फबारी में दर्जनों घर गिर गए हैं। अब बर्फ में फंसे पर्यटकों, स्थानीय लोगों, वाहनों आदि को सुरक्षित निकालने का बड़े पैमाने पर कठिन काम शुरू हो गया है। इस बर्फबारी में सी.आर.पी.एफ. के सब-इंस्पैक्टर समेत 2 लोगों की मौत हो गई है जबकि जाम लगने से यातायात बाधित है तथा हवाई सेवाएं रुकी पड़ी हैं।  

इधर, पंजाब व दिल्ली समेत मैदानी इलाकों में बारिश लगातार जारी है तथा ओले भी पड़े। इलाके में ठंड का प्रकोप बराबर बना हुआ है। मंगलवार शाम 4 बजे के बाद हिमाचल प्रदेश के मनाली के सोलंग नाला में शुरू हुई भारी बर्फ बारी से डेढ़ हजार पर्यटक वाहन वहां फंस गए। पुलिस ने रैस्क्यू शुरू किया। जैसे-जैसे बर्फ की रफ्तार तेज होती गई, वैसे-वैसे हालात खराब होते गए। रात 10 बजे तक 1500 में से आधी से अधिक गाड़ियां मनाली पहुंचाई गईं। 12 बजे हालात और खराब हो गए। अधिकतर पर्यटक अपनी गाड़ियां छोड़ने को तैयार नहीं थे। 200 से अधिक पर्यटक वाहन सोलंग नाला से पलचान के बीच फंसे रहे। पर्यटकों ने रात गाड़ी में ही बैठकर बिताई। मनाली में ही अटल टनल मार्ग पर बुधवार को 3 जगह हिमस्खलन से हड़कंप मच गया, हालांकि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है।  

बी.आर.ओ. अटल टनल रोहतांग के निर्देशक कर्नल राजीव खत्री ने बताया कि अटल टनल मार्ग पर एम.एस.पी. 12 पर हिमस्खलन हुआ है। उधर, किन्नौर जिले में मंगलवार देर रात पुलिस ने बर्फबारी के कारण संगला के पास पलीगचे नामक स्थान पर फंसे 3 पर्यटकों प्रमोद यादव पुत्र रूप किशोर फरीदाबाद हरियाणा, कंचन मदन व कर्णव पुत्र कंचन मदन निवासी ग्रेटर कैलाश नई दिल्ली को सुरक्षित निकालकर टापरी पहुंचाया। 

हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने मैदानी व पर्वतीय इलाकों में 9 जनवरी तक घना कोहरा छाने की चेतावनी दी है। लाहौल-स्पीति व किन्नौर को छोड़कर अन्य 10 जिलों में इसे लेकर यैलो अलर्ट जारी किया गया है। कश्मीर में पिछले 3 दिनों से भारी बर्फबारी में दर्जनों घर गिरने से लोगों को भारी नुकसान हुआ है। पूरे जम्मू-कश्मीर में सैंकड़ों मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। 

सी.आर.पी.एफ. के सब-इंस्पैक्टर एच.सी. मुरमुर और कुपवाड़ा जिला में बर्फबारी में फंसने के कारण 74 वर्षीय बुजुर्ग राहिमा बेगम की मौत हो गई। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग तथा मुगल रोड बंद रहने से देश के शेष हिस्सों से घाटी का संपर्क कटा रहा। घाटी में भारी बर्फबारी से श्रीनगर हवाई अड्डे पर विमानों का आवागमन लगातार चौथे दिन भी निलंबित है।  

जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर मलबे में फंसे 8 लोगों को बचाया गया
जम्मू जिले के ज्यौड़ियां में नाले से गुजरता सैन्य वाहन बचा लिया गया, लेकिन उसमें रखा सामान बह गया। बर्फबारी के कारण ऊधमपुर में पंचैरी के लड्डा बी क्षेत्र में भूस्खलन होने पर 30 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है। जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर पंथियाल के नजदीक मलबे में फंसे एक वाहन में सवार 8 लोगों को बचाया गया। राजौरी में पहाड़ का मलबा गिरने से कार क्षतिग्रस्त हो गई। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Sunita sarangal

Recommended News

Related News