पिस्तौल की नोक पर टिप्पर छीनने के 2 आरोपी गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, Oct 19, 2018 - 08:57 AM (IST)

नवांशहर (त्रिपाठी/मनोरंजन): पिस्तौल की नोक पर टिप्पर छीनने के 2 आरोपियों को पुलिस ने छीने गए टिप्पर सहित गिरफ्तार किया है जबकि अन्य 3 साथियों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। यह जानकारी देते हुए एस.पी. (जांच) बलराज सिंह ने बताया कि एस.एस.पी. दीपक हिलौरी के निर्देशों पर पिस्तौल की नोक पर टिप्पर छीनने के आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए गठित टीम ने नाकाबंदी के दौरान उक्त आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दलजीत सिंह उर्फ जीता तथा दरबारा सिंह उर्फ बूटा सिंह निवासी लुधियाना के तौर पर की है। उन्होंने बताया कि टिप्पर चालक गुरजीवन सिंह निवासी छोड जिला गुरदासपुर ने थाना राहों को दी शिकायत में बताया था कि गत 7 अक्तूबर को वह हंबड़ा से ट्रक लेकर  कानपुर खूही से डस्ट भरने जा रहा था कि मत्तेवाल पुल के नजदीक रात करीब 10 बजे अज्ञात कार चालकों ने उसके टिप्पर के आगे कार लगा पिस्तौल की नोक पर उसका टिप्पर छीन लिया।

उसने बताया कि उक्त अज्ञात कार चालकों ने उसे आगे जाकर बांध के पास बांध दिया तथा स्वयं फरार हो गए। किसी तरह से स्वयं को मुक्त करवा कर उसने पुलिस को सूचना दी। एस.पी. बलराज सिंह ने बताया कि ए.एस.आई. गुरबख्श सिंह चौकी इंचार्ज शेखा मजारा की पुलिस पार्टी ने एक नाकाबंदी के दौरान उक्त आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। उन्होंने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश करके पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। एस.पी. बलराज सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी दलजीत सिंह उर्फ जीता पुत्र गुरबख्श सिंह पर पहले भी चोरी के 5 मामले दर्ज हैं जबकि दरबारा सिंह पर चोरी का एक मामला दर्ज है।

bharti