20 फुट गहरे गड्ढे में काम के दौरान 2 मजदूरों पर गिरा मिट्टी का तोदा

punjabkesari.in Friday, May 11, 2018 - 04:15 PM (IST)

नंगल(राजवीर): भाखड़ा बांध की आवासीय कालोनी में सुरक्षा के मापदंडों की कथित लापरवाही के चलते निर्माण कार्य के दौरान 2 मजदूर घायल हो गए, जिनकी हालत बिगडऩे के उपरांत उन्हें चंडीगढ़ पी.जी.आई. भेजा गया है। घटना का कारण करीब 20 फुट गहरे गड्ढे में काम के दौरान मिट्टी का बड़ा तोदा उन पर गिर जाना बताया जा रहा है।

बी.बी.एम.बी. द्वारा अपने कर्मचारियों के लिए निजी कम्पनी से ठेके के माध्यम से डी.एस. डबल ई ब्लाक के निकट बनवाई जा रही कालोनी में निर्माण के दौरान हादसे में 2 मजदूरों के घायल हो जाने की जानकारी मिली है जिन्हें तुरंत बी.बी.एम.बी. अस्पताल पंहुचाया गया, जहां गंभीर हालात को देखते हुए पी.जी.आई. चंडीगढ़ के लिए रैफर कर दिया।
कालोनी में सीवरेज पाइप डालने के लिए जे.सी.बी. की मदद से खुदाई का कार्य चल रहा था और खुदाई का काम खत्म होने के उपरांत चेतन निवासी बिहार व सैनफूल निवासी बंगाल लगभग 20 फुट गहरे खोदे गए गड्ढे से मिट्टी निकालने में व्यस्त थे तो इसी दौरान मिट्टी का एक बड़ा तोदा इन दोनों मजदूरों पर आ गिरा जिससे दोनों मजदूर आधा घंटे तक मिट्टी में धंसे रहे।

घायल मजदूर चेतन की मानें तो काफी मशक्कत के उपरांत जे.सी.बी. की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया।बी.बी.एम.बी. के उप मुख्य अभियंता हुसन लाल कम्बोज से सम्पर्क किया तो उन्होंने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि जानकारी मिलते ही वह अपने अन्य अधिकारियों के साथ मौके पर पंहुच गए थे।

Vatika