बारिश व तेज हवाओं से धान की फसल को नुकसान

punjabkesari.in Wednesday, Sep 26, 2018 - 11:09 AM (IST)

नवांशहर(त्रिपाठी): पिछले 3 दिनों में हुई लगातार बारिश तथा तेज हवाओं ने किसानों की धान की फसल का भारी नुकसान किया है।इस संबंधी जानकारी देते हुए किसान सतनाम सिंह औजला, गुरदीप सिंह गिल, मक्खन सिंह कंग तथा बलवीर सिंह आदि ने बताया कि बारिश के साथ चली तेज हवाओं ने धान की फसल को खेतों में बिछा दिया है, जिसके चलते धान का दाना खराब होकर हलका पडऩे की संभावना है। उन्होंने बताया कि खेतों में बिछी फसल को काटने से मजदूर गुरेज करते हैं जिसके चलते इस तरह की फसल की कटाई करने में भी समस्याएं आती हैं।

तेज हवाओं ने धान की फसल का करीब 50 प्रतिशत नुक्सान कर दिया है। उन्होंने बताया कि किसान की जब भी कोई फसल पकने के किनारे पहुंचती है तो प्रकृति के प्रकोप के चलते इस तरह का नुक्सान होने की संभावना बन जाती है, जिसका खमियाजा किसानों को भुगतना पड़ता है। उन्होंने सरकार से मांग की कि धान की फसल के खेतों में बिछ जाने से हुए नुक्सान की जल्द से जल्द गिरदावरी करवाकर किसानों को मुआवजा दिया जाए ताकि पहले से ही आर्थिक मंदहाली का शिकार हो रहे किसानों को कुछ राहत मिल सके।

bharti