ठंड का प्रकोप जारी, न्यूनतम पारा 3 डिग्री तक पहुंचा

punjabkesari.in Sunday, Jan 07, 2024 - 05:04 PM (IST)

नवांशहर (त्रिपाठी): नवांशहर तथा आसपास के क्षेत्र में सूर्य देवता की बेरुखी आज भी जारी रही। इसके चलते पहाडों पर हो रही बर्फबारी, ठंडी-बर्फीली हवाओं तथा बारिश की तरह गिर रही ओस के चलते आज भी लोग ठंड से ठिठुरने के लिए मजबूर हुए। उल्लेखनीय है कि पिछले करीब 15 दिनों में केवल एक बार ही सूर्य देवता पूरा दिन निकले हैं। इसके चलते लगातार ठंड का प्रकोप बना हुआ है। 

मौसम विभाग के विशेषज्ञों के अनुसार आज न्यूनतम तापमान 3 तथा अधिकतम तापमान 16 डिग्री नोट किया गया। एक्यूआई का स्तर बाद दोपहर सवा 2 बजे 315 दर्ज किया गया जो कि पिछले कई दिनों से खतरनाक स्तर पर बना हुआ है। सुबह जहां धुंध के चलते विजिबिलिटी करीब 50 मीटर थी तो वही पूरा दिन धुंध की हल्की चादर बिछी रही। यहां वर्णनीय है कि पूरा दिसंबर महीना तथा जनवरी के पहले 7 दिनों तक एक बार भी बारिश नहीं हुई है जिसके चलते धूल,धुएं तथा प्रदूषण के कण वातावरण में घुल गए हैं।

सूखी सर्दी के चलते लोगों विशेष तौर पर बच्चों, मरीजों तथा बुजुर्गों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ठंड से बचने के लिए लोग आग का सहारा लेते देखे गए। आज रविवार होने के चलते बाजारों में अधिक रौनक नजर नही आई। कई लोगों ने अति की ठंड के चलते घरों में ही दुबके रहना बेहतर समझा। नवांशहर के ओल्ड कोर्ट रोड पर लगने वाले संडे बाजार में भी आम रविवार की भांति अधिक चहल पहल देखने को नही मिली। इस स्थान पर भी जो लोग घरों से बाहर निकले वह गर्म कपडों की खरीददारी ही करते नजर आए।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here 

 


 

News Editor

Kalash