तेजधार हथियारों से बुजुर्ग महिला की हत्या

punjabkesari.in Friday, Oct 12, 2018 - 11:34 AM (IST)

नवांशहर(मनोरंजन): बलाचौर के गांव डुगरी बेट में एक बुजुर्ग महिला की अज्ञात लोगों द्वारा तेजधार हथियारों से हत्या कर दी गई। बुजुर्ग महिला घटना के समय घर में अकेली थी। महिला के कानों से सोने की बालियां गायब हैं। इससे प्रतीत होता है कि शायद हत्या लूट की नीयत से की हो। बरहाल पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचा कर जांच शुरू कर दी है। 

एस.एस.पी. दीपक हिलौरी ने बताया कि गांव डुगरी में विद्या देवी (75) पत्नी राम सिंह अपनी 10 साल की पोती के साथ रह रही थी, जबकि उसके बड़े बेटे अशोक कुमार का घर भी बगल में ही है। उसका छोटा बेटा राकेश कुमार कपूरथला में रहता है। मृतक विद्या देवी 10-15 दिन कपूरथला और 10-15 दिन गांव में रहती थी। वीरवार सुबह उसकी पोती मेनका (10) जो पांचवीं कक्षा में पढ़ती है, स्कूल चली गई। 1.30 बजे के करीब जब वह स्कूल से आई तो उसने घर के गेट के पास ही अपने स्कूल का बैग रख कर बाहर खेलना शुरू कर दिया।  

बताया जाता है कि जब 2.30 बजे के करीब मेनका खेल कर घर वापस आई तो अंदर फर्श पर खून बिखरा हुआ था और उसकी दादी भी खून से लथपथ अंदर पड़ी हुई थी। मेनका के शोर मचाने पर पड़ोसी व उसकी माता मौके पर पहुंचे, जिन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना सदर के सब-इंस्पैक्टर मंजीत सिंह, थाना काठगढ़ के एस.एच.ओ. गुरमुख सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। इसके कुछ समय बाद एस.एस.पी. दीपक हिलौरी, डी.एस.पी. डी संदीप वडेरा व अन्य पुलिस अधिकारी ने भी मौके पर पहुंच कर बारीकी से जांच शुरू की। बताया जाता है कि घर के अंदर पड़े एक ट्रंक को भी फरोला गया है। माता की पोती मेनका ने बताया कि घर में ज्यादा पैसे न होते हुए करीब 3 हजार की नकदी थी। एस.एस.पी. दीपक हिलौरी का कहना है कि पुलिस लूट व अन्य थियोरियों पर भी जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही हत्या के इस मामले को सुलझाया जाएगा।

bharti