फर्जी बैंक खाते खोल कर ए.टी.एम. से गबन किए 92.86 लाख रुपए

punjabkesari.in Saturday, May 25, 2019 - 09:21 AM (IST)

नवांशहर(त्रिपाठी, मनोरंजन):धोखाधड़ी के मामले में पहले से ही जेल गए बैंक के हैड कैशियर पर एक नई शिकायत के आधार पर थाना सिटी नवांशहर की पुलिस ने धोखाधड़ी का एक और मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में सैंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ब्रांच लुधियाना के रिजनल मैनेजर ने बताया कि एस.पी. सिंह हैड कैशियर ने बैंक की नवांशहर ब्रांच में 6 अक्तूबर 1998 से 26 फरवरी 2018 तक कार्य किया है, जिस दौरान उक्त कर्मचारी डे-टू-डे ट्रांजैक्शन इत्यादि का कार्य देखता था।

शिकायतकर्ता ने बताया कि उक्त कर्मचारी ने फर्जी बैंक खाते खोल कर असल खाता धारकों की राशि को 25 बैंक खातों में ट्रांसफर करके प्रीतम कौर सहित 10 खातों के स्वयं ए.टी.एम. कार्ड हासिल करके 92.86 लाख रुपए की राशि का गबन किया है। उक्त शिकायत की जांच डी.एस.पी. मेजर क्राइम व आर्थिक अपराध विंग के इंचार्ज की ओर से करने उपरांत दी गई रिपोर्ट के आधार पर थाना सिटी नवांशहर की पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।


यहां वर्णनीय है कि उक्त मामले का खुलासा तब हुआ था जब प्रवासी भारतीय परमजीत सिंह पुत्र अवतार सिंह निवासी गांव बरनाला कलां अपनी पासबुक को कम्पलीट करने के 
लिए बैंक आया था। उसने बताया कि उसके खाते में 3 मार्च 2017 को करीब 1.87 करोड़ रुपए की राशि थी जिसमें से 16,400 रुपए की अदायगी की गई थी। जब उसने पासबुक की एंट्रियां करवाईं तो वह अपने खाते में केवल 82 लाख रुपए की राशि देखकर परेशान हो गया। उसने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि किसी ने गलत ढंग से उसके खाते से राशि ट्रांसफर की है, जिसकी जांच के उपरांत पुलिस ने बैंक कर्मचारी एस.पी. सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था।उक्त शिकायत के आधार पर गिरफ्तार एस.पी. सिंह ने हाल ही में हाईकोर्ट में अपनी बेल एप्लीकेशन भी लगाई हुई है। स्थानीय बैंक के एक अधिकारी ने उक्त बेल एप्लीकेशन लगाने संबंधी पुष्टि भी की है।

swetha