बुजुर्ग महिला के साथ ठगी करने वाला बाबा और महिला का 2 दिन बाद भी नहीं लगा सुराग

punjabkesari.in Saturday, Jan 25, 2020 - 10:58 AM (IST)

नवांशहर(त्रिपाठी):बुजुर्ग महिला को झांसे में लेकर एक अज्ञात बाबा और महिला द्वारा सवा 2 तोले सोने की चेन और बालियों पर हाथ साफ करने के मामले में पुलिस आरोपियों की अभी तक तलाश नहीं कर पाई है जबकि उक्त अज्ञात महिला व बाबा की तस्वीरें सी.सी.टी.वी. कैमरे में कैद हैं।वर्णनीय है कि नवांशहर के मोहल्ला वाल्मीकि निवासी बुजुर्ग महिला कौशल्या देवी (70) को 2 दिन पहले एक बाबा और महिला ने अपने झांसे में लेकर उससे घर से सोने के गहने मंगवा लिए और हाथ साफ कर लिया। 

अज्ञात महिला ने बुजुर्ग महिला के साथ बातचीत करते हुए पहले अपने पति के शराबी होने की कहानी बता कर सहानुभूति ली और जब बुजुर्ग महिला उसकी बातों में आ गई तो उसने पीछे चल रहे एक बाबा से परिचय करवाते हुए कहा कि वह एक धर्म विशेष से संबंधित हैं और लोगों के दुख-दर्द दूर करने के साथ परिवार में सुख-शांति के लिए प्रार्थना करते हैं। इसके बाद उक्त अज्ञात महिला के झांसे में आकर ही बुजुर्ग महिला ने अपने घर से सवा 2 तोले सोने के गहने और 300 रुपए उक्त बाबा के हवाले कर दिए थे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मौके पर पहुंचकर तफ्तीश शुरू करते हुए आसपास के क्षेत्र में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों से उक्त महिला व बाबा की तस्वीरों को कैप्चर किया था। परन्तु उन तस्वीरों के आधार पर भी अभी तक पुलिस उक्त अपराधियों तक नहीं पहुंच पाई है। इसी तरह की घटना बीते महीने गांव बरनाला कलां के पास भी घटित हो चुकी है। 
 
थाना सिटी नवांशहर के एस.एच.ओ. इंस्पैक्टर कुलजीत सिंह ने कहा कि उक्त अज्ञात महिला व पुरुष सी.सी.टी.वी. कैमरे में कैद हैं जिसके आधार पर पुलिस उन्हें तलाशने का प्रयास कर रही है। जल्द ढोंगी बाबा और अज्ञात महिला को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि उक्त अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज मामले की धारा में बढ़ौतरी कर धारा 379 के साथ धोखाधड़ी का मामला भी दर्ज किया गया है। 

swetha