विदेशी लड़की से शादी करवा विदेश भेजने का झांसा देकर ठगे 10 लाख

punjabkesari.in Monday, Jun 18, 2018 - 11:06 AM (IST)

नवांशहर (त्रिपाठी): विदेशी लड़की के साथ शादी करवा कर विदेश भेजने के झांसे में लेकर 10 लाख रुपए की ठगी करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ  धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।

एस.एस.पी. को दी शिकायत में निर्मल सिंह पुत्र गुरबख्श सिंह निवासी गांव भरोमजारा थाना बंगा सिटी ने बताया कि उसने भूपिन्द्र सिंह पुत्र तरसेम सिंह निवासी विर्क तहसील फिल्लौर जिला जालंधर के साथ अपने पुत्र को विदेश भेजने का सौदा 25 लाख रुपए में तय किया था। उक्त एजैंट ने किसी विदेशी लड़की के साथ उसके लड़के की शादी करवाकर विदेश भेजने की बात कर उससे 10 लाख रुपए ले लिए थे, परन्तु काफी समय बीत जाने के बाद भी उक्त एजैंट ने न तो उसके लड़के की विदेशी लड़की से शादी करवाकर विदेश भेजा तथा न ही पैसे वापस कर रहा है।

उसने बताया कि बार-बार उक्त एजैंट के चक्कर लगाने पर उसने 5 लाख रुपए का चैक उसे दिया, परन्तु बैंक में पैसे न होने के कारण वह पास नहीं हुआ। उक्त एजैंट को पंचायत में भी बुलाया गया, परन्तु वह नहीं आया। शिकायतकत्र्ता ने बताया कि अब पैसे वापस करने के स्थान पर वह उसे धमकियां दे रहा है। पुलिस को दी शिकायत में उसने अपने पैसे वापस करवाने तथा आरोपी के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई करने की मांग की है। उक्त शिकायत की जांच एस.पी. (एच.) द्वारा करने के उपरान्त दी गई रिपोर्ट के आधार पर थाना सिटी बंगा की पुलिस ने आरोपी भूपिन्द्र सिंह पुत्र तरसेम सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। 
 

Anjna