बैंक मुलाजिम ने एन.आर.आई. के खाते से निकाले एक करोड़

punjabkesari.in Sunday, Sep 23, 2018 - 09:56 AM (IST)

नवांशहर(त्रिपाठी/मनोरंजन): एन.आर.आई. के बैंक खाते से 1 करोड़ रुपए से अधिक की राशि अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करके धोखाधड़ी करने के आरोप में पुलिस ने एक बैंक कर्मचारी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एस.एस.पी. को दी गई शिकायत में एन.आर.आई. परमजीत सिंह छीना पुत्र स्व. अवतार सिंह निवासी बरनाला कलां ने बताया कि उसका रेलवे रोड पर स्थित सैंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में उसकी लड़की मनदीप कौर के साथ संयुक्त खाता है। उसने बताया कि 3 मार्च, 2017 को उसके खाते में 1,87,43,697 रुपए की राशि बकाया थी। 

वह अपनी पासबुक प्राय: अपडेट रखता है। उसने बताया कि उसे उस समय बड़ी हैरानी हुई जब उसने अपने खाते की जानकारी ली तो पता चला कि उसके खाते में करीब 82 लाख रुपए की राशि बकाया है। उसने आशंका जाहिर की कि कोई व्यक्ति गैर-कानूनी ढंग से उसके खाते से छेड़छाड़ गलत ढंग से पैसे निकाल रहा है और इस धोखाधड़ी के पीछे किसी बैंक कर्मचारी का भी हाथ हो सकता है। पुलिस को दी गई शिकायत में उसने गलत तरीके से खाते से पैसे निकालने वाले कर्मचारी के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई करने तथा उसकी गबन की गई 1 करोड़ रुपए से अधिक की राशि वापस करवाने की मांग की है। उक्त शिकायत की जांच डी.एस.पी. संदीप सिंह (जांच) की ओर से करने के उपरान्त दी गई रिपोर्ट के आधार पर थाना सिटी नवांशहर की पुलिस ने एक बैंक कर्मचारी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। 

swetha