मां ने पहले 7 वर्षीय बच्ची को दरिया में फैंका, फिर खुद लगाई छलांग

punjabkesari.in Tuesday, Nov 20, 2018 - 11:27 AM (IST)

नूरपुर बेदी (संजीव): आज प्रात: क्षेत्र के गांव मुकारी की एक महिला ने खुदकुशी की नीयत से पहले अपनी 7 वर्षीय बच्ची को पुल से नीचे सतलुज दरिया में फैंक दिया फिर स्वयं भी पानी में कूद गई। पुल से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत मां को किसी तरीके से जद्दोजहद करके बचा लिया। मगर बच्ची पानी में डूब गई, जिसकी गोताखोर प्रात: से तलाश में लगे हैं। यह घटना प्रात: करीब 9 बजे घटित हुई तथा सूचना मिलते ही नूरपुर बेदी पुलिस मौके पर पहुंच गई व बचाव कार्यों में जुट गई। थाना प्रभारी नूरपुर बेदी कुलवीर सिंह कंग ने बताया कि गांव मुकारी की महिला नीलम रानी पत्नी जरनैल सिंह प्रात: नूरपुर बेदी से 9 किलोमीटर की दूरी पर स्थित शाहपुर बेला के पुल पर अपनी 7 वर्षीय लड़की मनमीत व करीब 14 वर्षीय लड़के के साथ अपनी स्कूटी पर सवार होकर पहुंची। इस दौरान उक्त महिला ने सबसे पहले अपनी लड़की को पुल से नीचे सतलुज दरिया में फैंक दिया।

लड़के को भी दरिया में गिराने का किया प्रयास
उक्त महिला ने बाद में अपने लड़के को भी दरिया में गिराने का प्रयास किया, लेकिन महिला उसे गिराने में नाकाम रही और देखते ही देखते उसने स्वयं भी सतलुज दरिया में छलांग लगा दी। वहां आसपास गुजरते राहगीरों ने बिना देर किए महिला को बचा लिया, जबकि उसकी लड़की पानी में बह गई। पुलिस ने पहले स्थानीय 3 नौजवानों को लड़की की तलाश के लिए दरिया में भेजा। मगर बाद में सरकारी तौर पर जिला हैड क्वार्टर पर तैनात किए गए गोताखोरों की मदद से लड़की की तलाश की जाने लगी। देर सायं समाचार लिखे जाने तक इस कार्य में कोई सफलता हाथ नहीं लगी थी।

क्या कहते हैं थाना प्रभारी
थाना प्रभारी कुलवीर सिंह कंग के मुताबिक लड़की के मायके गांव के एक चश्मदीद व्यक्ति नरेन्द्रपाल सिंह पुत्र श्रीराम के बयानों के आधार पर महिला के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है। उक्त महिला को अस्पताल में उपचार हेतु भर्ती करवाया गया है, जिसकी हालत खतरे से बाहर है। उक्त महिला का पति फौज में है तथा उसने छुट्टी काट कर आज वापस ड्यूटी पर लौटना था कि उक्त घटना घट गई। बताया जा रहा है कि उक्त महिला का पुत्र मंदबुद्धि होने के कारण वह मानसिक तौर पर परेशान रहती थी।

bharti