ट्रक की चपेट में आया मोटरसाइकिल चालक, युवक की मौत व मां गंभीर घायल

punjabkesari.in Tuesday, Sep 01, 2026 - 04:19 PM (IST)

रूपनगर/श्री कीरतपुर साहिब (विजय): आज दोपहर श्री कीरतपुर साहिब के पातालपुरी साहिब चौक पर एक मोटरसाइकिल के ट्रक की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसके पीछे बैठी उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को उपचार के लिए सिविल अस्पताल श्री आनंदपुर साहिब में भर्ती करवाया गया है। हादसा इतना भयानक था कि ट्रक मोटरसाइकिल सवार को कई मीटर दूर तक घसीटता हुआ ले गया। गंभीर रूप से घायल युवक ने अस्पताल ले जाते समय एंबुलेंस में ही दम तोड़ दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल सवार युवक अपनी मां के साथ धार्मिक स्थलों के दर्शन करने के बाद वापस अपने घर जा रहा था। इसी दौरान पातालपुरी साहिब चौक पर उनका मोटरसाइकिल एक ट्रक की चपेट में आ गया। हादसे के दौरान मोटरसाइकिल सवार ट्रक के नीचे फंस गया, जिसे ट्रक चालक काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया।

मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाकर ट्रक चालक को बताया कि उसके ट्रक के नीचे एक युवक आ गया है। इसके बाद ट्रक चालक ने अपना ट्रक रोका और नीचे फंसे युवक को बाहर निकाला। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस के पहुंचने पर दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन युवक ने रास्ते में ही एंबुलेंस के अंदर दम तोड़ दिया। घायल महिला की टांग पर काफी गंभीर चोट लगी है।

सूचना मिलने के बाद थाना श्री कीरतपुर साहिब से एएसआई सुखविंदर सिंह और एसटीएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची तथा मामले की जांच शुरू कर दी। मौके पर ट्रक चालक अपना ट्रक वहीं छोड़कर फरार हो गया। मामले की जांच कर रहे एएसआई सुखविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। उन्होंने बताया कि मृतक युवक और घायल महिला की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। अस्पताल से प्राप्त रिपोर्ट में भी घायल महिला को अज्ञात बताया गया है। उन्होंने बताया कि घायलों के पारिवारिक सदस्य आ रहे हैं। उनके पहुंचने के बाद ही दोनों के नाम और सही पते की जानकारी मिल सकेगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News