सड़क का एक हिस्सा पानी में बहा, 6 गांव प्रभावित

punjabkesari.in Saturday, Aug 24, 2019 - 11:24 AM (IST)

रूपनगर/श्री आनंदपुर साहिब(विजय): बाढ़ के कारण गांव रायपुर साहनी को जाती मुख्य सड़क का एक हिस्सा पिछले दिनों हुई बारिश से आए पानी के तेज बहाव में बह गया था, जिससे करीब आधा दर्जन गांव प्रभावित हुए। ऐसे में गांववासियों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। लोगों की परेशानियों को देखते हुए आज स्थानीय बी.डी.पी.ओ. दर्शन सिंह की अगुवाई में आई टीम ने उक्त स्थान को मिट्टी डाल कर भरा, जिससे यह रास्ता चलने योग्य बन गया।

बी.डी.पी.ओ. दर्शन सिंह ने बताया कि वर्ष 2004-05 में यहां से निकलती खड्ड पर 2 पुलियां डाली गई थीं, जो गत दिवस बाढ़ के कारण बह गईं। इससे यहां 80 फुट के लगभग हिस्सा खाली हो गया था। दर्शन सिंह ने बताया कि बाढ़ के कारण बहे सड़क के हिस्से से लगभग आधा दर्जन गांव प्रभावित हुए थे, जिनके निवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि बारिश का पानी घटने के उपरांत तुरंत यहां कार्य शुरू करवाया गया और इस मार्ग को पुन: चलने योग्य बनाया गया। 

इस मौके पर सरपंच राजिन्द्र कौर, स्वर्ण सिंह और गांववासियों ने बताया कि इन पुलियों के टूटने और सड़क का एक हिस्सा बहने से उनके गांवों काहीवाल, पाधावाली, पहाड़पुर, समलाह, मस्सेवाल, बहिल शहर से लगभग 4 दिन कटे रहे। इस कारण इन दिनों के दौरान उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ा और बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हुई। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इन दोनों पुलियों को जल्द नए सिरे से पक्का करवाया जाए। इस मौके पर पंचायत सचिव स्वर्ण सिंह व जे.ई. प्रिंस कुमार मुख्य रूप से मौजूद थे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vatika

Recommended News

Related News