भाखड़ा नहर से संदिग्ध हालात में मिला पुलिसकर्मी का शव

punjabkesari.in Wednesday, Oct 09, 2019 - 09:20 AM (IST)

रूपनगर(विजय): भाखड़ा नहर से पंजाब पुलिस के एक कर्मचारी का शव संदिग्ध हालातों में मिला है। गोताखोरों द्वारा यह शव नहर से निकाला गया। गांव भ्यौरा के पास भाखड़ा नहर से मिले शव की पहचान हैड कांस्टेबल प्रकाश कुमार निवासी बड़ा पिंड के रूप में हुई है। प्रकाश कुमार की ड्यूटी मोरिंडा में थी और ड्यूटी पर जाने के लिए उसके बेटे ने सुबह ही उसे बस पर चढ़ाया था। मौत के कारणों का अभी तक कुछ पता नहीं चल सका है। गोताखोर सुरेश कुमार ने कहा कि उसने नहर में पुलिस कर्मचारी के शव की सूचना संबंधित थाने के मुंशी को दी। पुलिस के कहने पर उन्होंने शव को बाहर निकाल लिया। इस दौरान सिंह थाना की टीम और ए.सी.पी. रवि कुमार भी मौके पर पहुंच गए। 

ए.सी.पी. रवि कुमार ने कहा कि पुलिस कर्मचारी की मौत के कारणों की जांच की जा रही और जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि गोताखोर द्वारा प्रात: 9.30 बजे के लगभग शव को नहर में आता देख रोक लिया गया था पर पुलिस के कहने के बाद 11.30 बजे के करीब शव को पानी से बाहर निकाला गया। जानकारी अनुसार पुलिस 2 घंटे तक यह तय करती रही कि संबंधित एरिया किस पुलिस थाने का है। जब ए.सी.पी. रवि कुमार से इस संबंधी पूछा गया तो उन्होंने जानकारी न होने की बात कही।

Edited By

Sunita sarangal