गर्भवती महिला की ससुराल घर में संदिग्धावस्था में मौत

punjabkesari.in Friday, Oct 11, 2019 - 10:56 AM (IST)

नूरपुर बेदी(भंडारी): एक विवाहिता की ससुराल घर में संदिग्धावस्था में मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने मृतका की मां के बयान पर उसकी सास, ससुर और पति पर दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज किया है। उक्त महिला 8 महीने से गर्भवती भी थी। 

मृतक महिला राजवीर कौर (30) पुत्री जोगेन्द्र सिंह निवासी चैहड़मजारा का 2 साल पहले नजदीकी गांव रायपुर के बलदेव सिंह पुत्र चन्नण सिंह के साथ विवाह हुआ था। मृतक महिला की माता नछत्तर कौर पत्नी जोगेन्द्र सिंह ने पुलिस को दर्ज करवाए बयान में बताया कि लड़की के ससुराल परिवार की तरफ से कम दहेज लाने के लिए कथित रूप से प्रताड़ित किया जाता था। इसके अलावा कई बार उनकी लड़की से मारपीट भी की गई जिससे तंग होकर उनकी लड़की ने कोई जहरीली वस्तु निगल कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। 

घटना संबंधी थाना प्रभारी जतिन कपूर ने बताया कि पहले मृतका के पति बलदेव सिंह के बयान के आधार पर 174 तहत कार्रवाई की गई थी जबकि अब मृतका की माता नछत्तर के बयान के आधार पर राजवीर कौर के ससुर चन्नण सिंह, सास कुलविन्द्र कौर और पति बलदेव सिंह निवासी रायपुर पर धारा 304बी तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि मामले से संबंधित आरोपी फरार हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने उपरांत कार्रवाई की जाएगी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Sunita sarangal

Recommended News

Related News