विवाह का झांसा देकर हवस का शिकार बनाने वाले युवक के खिलाफ मामला दर्ज

punjabkesari.in Wednesday, Jul 11, 2018 - 06:37 PM (IST)

नवांशहर(त्रिपाठी): नाबालिग लड़की को विवाह का झांसा देकर कई महीनों तक हवस का शिकार बनाने, बहला-फुसला कर भगा ले जाने तथा शोषण के बाद उसे वापस घर भेजने वाले युवक के खिलाफ पुलिस ने पॉस्को एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

पीड़ित लड़की की मां ने थाना सिटी नवांशहर की पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह थाना सिटी के अधीन पड़ते एक गांव की रहने वाली है तथा एक प्रवासी भारतीय की नवांशहर स्थित कोठी की देखभाल के लिए पिछले करीब 1 वर्ष से रह रही है। उसने बताया कि उसका पति नशों का आदि है तथा कई-कई महीने घर नहीं आता है। उसके 2 बच्चों में बड़ा लड़का मेहनत मजदूरी करता है तथा वह भी एक निजी अस्पताल में सफाई सेविका का कार्य करती है जबकि उसकी छोटी लड़की 10वीं पास है तथा अब वह घर पर ही रहती है। शिकायतकत्र्ता ने बताया कि उसके तथा पुत्र के काम पर चले जाने के बाद उसकी लड़की पर घर अकेली होती है।

इस दौरान नवांशहर निवासी मनप्रीत सिंह उर्फ मनी पुत्र स्व. गुरदेव सिंह उसकी लड़की को परेशान करता था तथा पिछले कई महीनों से उसने उसकी लड़की के साथ शारीरिक संबंध बना रखे हैं। उसकी लड़की ने उसे बताया कि उसने उक्त मनप्रीत को अपने पास नहीं बुलाया था, वह स्वयं आया था तथा उसके कहने पर ही वह उन्हें रात के समय नशे की गोलियां भी देती थी। शिकायतकत्र्ता ने बताया कि जब वह इस संबंधी नजदीकी गांव में रहने वाली अपनी बहन तथा बहनोई के पास गई तो इस दौरान उक्त मनप्रीत उसकी लड़की को विवाह का झांसा देकर अपने साथ ले गया तथा सोमवार को घर के बाहर छोड़ गया। पुलिस ने उक्त शिकायत के आधार पर आरोपी युवक मनप्रीत सिंह उर्फ मनी के खिलाफ पॉस्को एक्ट सहित विभिन्न धाराओं तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। 

Vatika