मूर्ति विसर्जित कर लौट रहे यात्रियों से भरी गाड़ी पलटी, 12 घायल

punjabkesari.in Wednesday, Feb 13, 2019 - 02:55 PM (IST)

नंगल(सैनी): नया नंगल में ऐतिहासिक गुरुद्वारा विभौर साहिब के नजदीक घाट पर मूर्ति विसर्जन कर लौट रहे यात्रियों से भरी एक गाड़ी पलट जाने से 12 लोग घायल हो गए। जानकारी अनुसार आज सायं एन.एफ.एल. नया नंगल के शिवालिक एवेन्यू के भट्ठा कॉलोनी के प्रवासियों द्वारा बसंत पंचमी के उपलक्ष्य में सरस्वती माता की शोभायात्रा निकाल मूर्ति विसर्जन के लिए ऐतिहासिक गुरुद्वारा विभौर साहिब के नजदीक घाट पर  विसर्जन कर लौट रहे यात्रियों से भरी एक गाड़ी पलट गई। इस दुर्घटना में 2 नाबालिगों सहित 12 अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में से 2 की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें पी.जी.आई. चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया।

इस संबंधी गांव विभौर साहिब के निवासी राजकुमार सहोड़ ने बताया कि उक्त प्रवासी बसंत पंचमी पर सरस्वती माता की मूर्ति विसर्जित करने के लिए घाट पर गए थे और लौटते समय एन.एफ.एल. गैस्ट हाऊस के नजदीक मोड़ पर यात्रियों से भरी गाड़ी लगभग 15 फीट गहरी खाई में पलट गई।

सहोड़ ने बताया कि हादसा होने के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकाला और बी.बी.एम.बी. अस्पताल पहुंचाया। हादसे में 10 वर्षीय पंचक और 14 वर्षीय नीतिश को गंभीर चोटें लगने के कारण उन्हें पी.जी.आई. रैफर कर दिया गया। वहीं अन्य घायलों में राजू, प्रमोद, अनिल शर्मा, सुखदेव, शिव कुमार, गोबिंद, राजेश कुमार, कमल, अमर सिंह, मुकेश कुमार, धर्मवीर घायल हो गए। इस मामले की पुष्टि करते हुए नंगल के ए.एस.आई. केशव कुमार ने कहा कि घटना के कारणों की जांच चल रही है। 

Anjna