हाई टेंशन पावर लाइन की चपेट में आने से 1 की मौत

punjabkesari.in Sunday, Jul 21, 2019 - 10:47 PM (IST)

रूपनगर (विजय): रूपनगर में रविवार को हाई टेंशन पावर लाइन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की बुरी तरह झुलस जाने से मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चपेट में आए दूसरे घायल व्यक्ति को पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह दर्दनाक हादसा डीएवी स्कूल मार्ग पर सुखराम कालोनी में रहने वाले सुखविन्द्र सिंह (62) ने मजदूरों के लिए रहने के लिए 10-12 कमरे बनवाए हुए हैं। जिनकी रिपेयर का कार्य चल रहा है। इन कमरों के ऊपर से हाई टेंशन पावर लाइन गुजरती है। कमरों में रिपेयर का कार्य करने के लिए सुखविन्द्र सिंह ने एक मिस्त्री व दो मजदूर बुलाए हुए थे। इस दौरान सुखविन्द्र सिंह माधोदास कालोनी के रहने वाले मजदूर सुरेन्द्र कुमार (52) पुत्र खुशा राम मूल निवासी बिहार साथ लेकर छत की तरफ चला गया। जहां उसने कपड़े सुखाने के लिए तार लगवानी थी। 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुखविन्द्र सिंह व मजदूर सुरेन्द्र कुमार एक लोहे का एंगल रेकर छत पर पहुंचे। हालांकि उस एंगल की ऊंचाई छत के ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन पावर लाइन से लगभग पांच फुट कम थी लेकिन मजदूर ने जैसे ही एंगल खड़ा किया तो हाई टैंशन पावर लाइन ने उसे अपनी चपेट में लिया व देखते ही देखते मजदूर का शरीर बुरी तरह झुलस गया। जबकि उसके पास ही खड़े सुखविन्द्र सिंह भी चपेट में आ गया व बुरी तरह से झुलस गया। इस हादसे के तुरंत बाद वहां एकत्रित लोगों ने एंबुलैंस 108 को बुलाया। जिसके बाद दोनों को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां मजदूर सुरेन्द्र कुमार को मृत घोषित किया गया जबकि गंभीर रूप से झुलसे सुखविन्द्र सिंह को पीजीआई चंडीगढ़ रैफर किया गया। इस हादसे के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मृतक व्यक्ति अपने पीछे दो लड़के, दो लड़कियां व विधवा पत्नी छोड़ गया है।

Mohit