नहर किनारे दुकानदार पर तेजधार हथियारों से हमला, नकदी लूटी

punjabkesari.in Saturday, Aug 15, 2026 - 02:45 PM (IST)

नंगल (सैनी): नंगल सब डिवीजन के अजौली गांव में वीरवार रात एक कन्फैक्शनरी दुकानदार के साथ लूटपाट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित सतीश कुमार रात करीब 9 बजे जब अपनी दुकान बंद कर स्कूटी से घर लौट रहे थे, तभी पहली नहर पार पीपल के पेड़ के पास घात लगाए 2 नकाबपोश युवकों ने उन पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया।

हमले में सतीश की स्कूटी गिर गई। उन्होंने साहस दिखाते हुए एक हमलावर का मुकाबला करने की कोशिश की, लेकिन दूसरे आरोपी ने उनका बैग और स्कूटी की चाबी छीन ली। बैग में बैंक से निकाले गए पैसों समेत करीब 30 हजार रुपए से अधिक की नकदी और मोबाइल फोन था। वारदात के बाद दोनों लुटेरे नहर की पटरी की तरफ भाग निकले। हालांकि, बाद में स्थानीय लोगों की मदद से पास में ही गिरा हुआ मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही नंगल पुलिस थाने के एस.आई. बलवीर सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने पीड़ित के बयानों के आधार पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। आस-पास के इलाकों और रास्तों की जांच की जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash