नूरपुरबेदी में युवक से मारपीट का वीडियो वायरल, 3 आरोपी गिरफ्तार
punjabkesari.in Thursday, Sep 24, 2026 - 05:22 PM (IST)
नूरपुरबेदी (भंडारी): नूरपुरबेदी शहर में मुख्य मार्ग पर खुलेआम गुंडागर्दी करते हुए कुछ युवकों द्वारा एक युवक से दिनदहाड़े तेजधार हथियारों से मारपीट करने की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए 3 युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
स्थानीय थाना प्रभारी इंस्पैक्टर गुरमुख सिंह ने बताया कि यह मामला अर्शप्रीत सिंह पुत्र हरभजन सिंह निवासी गांव ससकौर, थाना नूरपुरबेदी के बयानों के आधार पर दर्ज किया गया है। दर्ज मामले के अनुसार अर्शप्रीत सिंह का कुछ समय पहले कथित आरोपी लवप्रीत सिंह उर्फ बग्गा निवासी बसी के साथ बाबा पीर निगाहा, हिमाचल प्रदेश में झगड़ा हुआ था।
इस दौरान लवप्रीत सिंह को चोटें लगी थीं। इसी पुरानी रंजिश के चलते लवप्रीत सिंह ने अन्य युवकों के साथ मिलकर अर्शप्रीत सिंह को नूरपुरबेदी में घेर लिया और उसके साथ मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। थाना प्रभारी के अनुसार पुलिस ने इस मामले में शिवम उर्फ शूटर पुत्र शंभू निवासी सरथली, लवप्रीत सिंह उर्फ बंगा पुत्र सुच्चा सिंह निवासी बसी और जशनदीप बंगा उर्फ जशन पुत्र रामपाल निवासी लैहड़ियां के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया है तथा मामले संबंधी अगली कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और मामले में कानून के अनुसार बनती कार्रवाई की जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

