Delhi: रोड मास्टर प्लान के चलते हटाई झुग्गियां, बेघर हुए लोगों को CM ने दिए तत्काल मदद के आदेश

punjabkesari.in Saturday, Jul 18, 2020 - 09:59 AM (IST)

नई दिल्ली/ डेस्क। पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर मार्केट में मास्टर प्लान रोड पर बनी झुग्गियों को कोर्ट के आदेश पर पूर्वी दिल्ली नगर निगम द्वारा तोड़ दिया गया है। इस दौरान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को मौके पर पहुंचकर पीड़ितों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने पीड़ितों से बात की और उनकी समस्याओं को सुना। इस दौरान दिल्ली सरकार के अधिकारी भी मौजूद थे।
 

सीएम केजरीवाल ने दिल्ली सरकार के अधिकारियों को नगर निगम की कार्रवाई से बेघर हुए पीड़ितों के लिए तत्काल अस्थाई आवास के इंतजाम करने के आदेश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोर्ट के आदेश पर गरीबों के आवास तोड़े गए हैं। हमने कोर्ट के आदेश का अध्ययन करने के लिए अधिकारियों को बोल दिया है।

मुख्यमंत्री के साथ कई आप विधायक भी थे। इसमें राजेंद्र पाल गौतम, राखी बिड़ला, कुलदीप कुमार और अजय दत्त शामिल रहे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से बेघर हुए लोगों को तत्काल अस्थाई आवास की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां पर कोर्ट के आदेश पर कुछ गरीबों की झुग्गियां में मकान तोड़े गए हैं। अधिकारी को कोर्ट के आदेश का अध्ययन करें कि कोरोना काल के दौरान किन हालातों में कोर्ट ने यह आदेश जारी किया है।

 

अस्थाई आवास के लिए बंदोबस्त करेगी दिल्ली सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी बेघर हुए लोगों के रहने के लिए अस्थाई रूप से बंदोबस्त किया जाएगा। इसके लिए आसपास कोई जमीन मिलती है तो टेंट लगाकर इनके रहने की व्यवस्था की जाए। जमीन उपलब्ध नहीं होने पर किसी स्कूल में रहने खाने और शौचालय का इंतजाम किया जाएगा। इसके बाद इनका स्थाई रूप से क्या समाधान किया जा सकता है इस संबंध में अधिकारियों के साथ बैठक कर कुछ रास्ता निकाला जाएगा।

 

अधिकारियों संग होगी बैठक
अभी यह लोग खुले आसमान के नीचे रहने के लिए मजबूर हैं। इसीलिए दिल्ली सरकार का मुख्य ध्यान बेघर हुए लोगों को अस्थाई तौर पर रहने का इंतजाम करना है। बता दें कि पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मीनगर मार्केट रोड पर बनी झुग्गियों के खिलाफ नगर निगम कार्रवाई कर रहा है। यह सभी आवास रिहायशी बताए जा रहे हैं। ईस्ट गुरु अंगद नगर, ईस्ट लक्ष्मी मार्केट में नाले के किनारे बनी इमारतों को पूर्वी दिल्ली नगर निगम के दस्ते ने गिरा दिया है। यह 200 मीटर की लंबाई में बनी थी। जिसमें तीन मंजिला इमारतें भी थी। 

 

Edited By

Murari Sharan