गुरपाल हत्याकांडः मास्टर माइंड कर्म सिंह दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, May 11, 2018 - 09:56 AM (IST)

पटियाला(बलजिन्द्र): कस्बा सनौर के बस स्टैंड में लगभग 2 माह पहले (27 फरवरी को) गांव करहाली के गुरपाल सिंह कत्ल मामले के मास्टर माइंड कर्म सिंह को पुलिस ने दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद उसे थाना सनौर में लाया गया। कर्म सिंह विदेश भागने की ताक में था, क्योंकि पुलिस ने कर्म सिंह के खिलाफ एल.ओ.सी. जारी किया हुआ था, जिस कारण एयरपोर्ट अथॉरिटी ने कर्म सिंह को गिरफ्तार कर लिया। इसकी पुष्टि करते हुए डी.एस.पी. देहाती गुरदेव सिंह धालीवाल ने बताया कि कर्म सिंह को गिरफ्तार करके थाना सनौर में लाया जा रहा है, जहां उसका पुलिस रिमांड प्राप्त कर उससे पूछताछ की जाएगी।

डी.एस.पी. धालीवाल ने बताया कि इसी साल 27 फरवरी को सनौर कस्बे के बस अड्डे में छोटा हाथी में गुरपाल सिंह वासी करहाली का कत्ल कर दिया गया था। पुलिस ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाते हुए गुरदास सिंह नामक व्यक्ति को उसी दिन गिरफ्तार कर लिया था। उन्होंने बताया कि कर्म सिंह के खिलाफ थाना सदर पटियाला में नाबालिगा को भगाने के आरोप में भी केस दर्ज है। लड़की कहां है इस बारे में उससे रिमांड दौरान पूछताछ की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि इस मामले में पुलिस ने दावा किया था कि गुरपाल की बहन के साथ कर्म सिंह ने प्रेम विवाह करवाया था और बाद में कर्म सिंह ने गांव करहाली के गुरदास सिंह के साथ साजिश रचकर गुरपाल सिंह का कत्ल कर दिया था। इस मामले में पुलिस ने गुरदास सिंह को गिरफ्तार कर लिया था जबकि कर्म सिंह तब से ही फरार चला आ रहा था।

Anjna