F&CC ने दी CM सिटी के 6 करोड़ के विकास कार्यों को मंजूरी

punjabkesari.in Friday, Dec 14, 2018 - 10:10 AM (IST)

पटियाला (राजेश): नगर निगम की सबसे ताकतवर कमेटी एफ.एंड सी.सी. ने वीरवार को शहर के 6 करोड़ के विकास कार्यों के लिए मंजूरी दे दी है। मेयर संजीव शर्मा बिट्टू की अध्यक्षता में हुई इस मीटिंग में डिप्टी मेयर विनती संगर, एफ.एंड सी.सी. के मैंबर अनिल मौदगिल, एडवोकट हरविंदर शुक्ला, हरविंदर सिंह निप्पी, ’वाइंट कमिश्नर अंकुर महेंद्रु, निगम के एस.ई. इंजी. एम.एम. स्याल, रजिंद्र चोपड़ा, एक्सियन शामलाल गुप्ता, एक्सियन दलीप सिंह, सुपरिंटैंडैंट गुरविंदर सिंह, रवदीप सिंह, सुनील मेहता के अलावा अन्य कई अधिकारी मौजूद थे।

बैठक में जहां नए विकास कार्यों के लिए धन की मंजूरी दी गई, वहीं डेढ़ करोड़ रुपए के विकास कार्यों के वर्कआर्डर भी जारी किए गए। सी.एम. सिटी के पार्कों में खोले जाने वाले ओपर जिम के लिए विभिन्न सोसाइटियों को जिम का सामान उपलब्ध करवाने के लिए रेट्स भी फाइनल कर दिए गए हैं। खेल विभाग ने जिम के सामान के जो रेट निगम को भेजे थे, उसके मुकाबले निगम ने टैंडर कॉल करके रेट मंगवाए थे। इनमें 20 मल्टी जिम, 2 लैग प्रैस मशीन, 2 बैंच प्रैस मशीन, 2 चैस्ट प्रैस मशीन, क्रॉस ट्रेनर, क्रॉस वॉकर, बास्केटबॉल पोल मूवेबल, बॉस्केट बॉल फिक्स्ड, ट्रैडमिल मशीन शामिल है।

इन सबके लिए करीब 20 लाख रुपए मंजूर किए गए हैं। पी.आई.डी.बी. ग्रांट का पैसा आया। रेहड़ी मार्कीट अपग्रेड और धर्मशालाओं का निर्माण पंजाब इन्फ्रास्ट्रक्चर डिवैल्पमैंट बोर्ड (पी.आई.डी.बी.) ने अपनी 4 करोड़ की ग्रांट में से पहली किस्त के करीब 2 करोड़ रुपए जारी कर दिए हैं। इसमें से निगम ने रेहड़ी मार्कीट की अपग्रेडेशन और धर्मशालाओं के निर्माण के लिए करीब 1 करोड़ रुपए मंजूर कर लिए हैं। इसके अलावा सनौर रोड स्थित नगर निगम की गऊशाला में शैड निर्माण के लिए करीब साढ़े 10.50 लाख रुपए में 25 फीसदी और बढ़ौतरी करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। 

डोर-टू-डोर कूड़ा कलैक्शन को हरी झंडी
बैठक के दौरान शहर के कूड़े के समाधान के लिए डोर-टू-डोर कूड़ा कलैक्शन के लिए बनाए प्रस्ताव के लिए हरी झंडी दे दी गई है। नगर निगम ने इस कार्य का जिम्मा दिल्ली की मैस जोंटा इन्फ्राटैक प्रा. लिम. को दिया है। 

इन कार्यों को भी मिली मंजूरी
- मॉडल टाऊन में इंटरलॉकिंग टाइलों पर 22 लाख रुपए।
- वार्ड 42, 47, 48, 53, 36 और 54 में विभिन्न मैंटीनैंस कार्यों के लिए रेत, बजरी, टाइल्स सप्लाई के लिए 5 लाख 16 हजार रुपए।
-आनंद नगर, डी.एल.एफ . कॉलोनी, फैक्टरी एरिया में पब्लिक टॉयलैट्स के लिए 48 लाख 25 हजार रुपए।
- गुरु नानक नगर गली नंबर 7 में इंटरलॉकिंग टाइलों के लिए 4 लाख 24 हजार रुपए।
- गुरु नानक नगर गली नंबर 1 में टाइलों पर 9 लाख 33 हजार रुपए।
- आर.सी.सी. ट्री-गार्ड्स सप्लाई के लिए 10 लाख 38 हजार रुपए।

Vatika