सरकारी व अर्द्ध सरकारी विभागों के कर्मचारियों ने निकाली अर्थी फूंक रैली

punjabkesari.in Thursday, Mar 22, 2018 - 08:15 AM (IST)

पटियाला (स.ह./ जोसन) : सरकारी और अद्र्ध सरकारी विभागों के कर्मचारियों व पैंशनरों ने कर्मचारियों की लंबे समय से लटकती मांगें पूरी न करने के विरोध में मिनी सचिवालय में पंजाब सरकार खिलाफ प्रदर्शन करके अर्थी फूंक रैली की। इस दौरान दर्शन सिंह लुबाना ने कहा कि पंजाब सरकार की तरफ से सरकारी और अद्र्ध सरकारी विभागों के कर्मचारियों के साथ लगातार धक्केशाही की जा रही है। कर्मचारियों की मांगें पूरी न करके उन्हें परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की तरफ से सेवानिवृत्त कर्मचारियों और मृतक कर्मचारियों के आश्रित सदस्यों की सभी योग्य अदायगियों पर पाबंदी लगा दी गई है, जिस कारण कर्मचारियों में सरकार प्रति रोष बढ़ता जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार का एक साल पूरा होने के बाद भी मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री की तरफ से कर्मचारियों के साथ कोई बातचीत नहीं की जा रही जबकि मुख्यमंत्री कै. अमरेंद्र सिंह की तरफ से चुनाव से पहले कर्मचारियों के साथ वायदा किया गया था कि सरकार बनने के बाद कर्मचारियों की सभी मांगों को पूरा किया जाएगा। मुख्यमंत्री कै. अमरेंद्र सिंह द्वारा कर्मचारियों के साथ धक्का किया जा रहा है, जिसे कभी भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 24 मार्च को चंडीगढ़ में होने वाली हल्ला बोल रैली में सैंकड़ों कर्मचारी भाग लेंगे और सरकार प्रति अपने रोष जताएंगे। 

Punjab Kesari