ढाबा दोहरा हत्याकांड : बिजली कर्मचारियों को गोलियां मारने वाला गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, Feb 28, 2020 - 09:08 AM (IST)

पटियाला(बलजिन्द्र): पटियाला पुलिस ने गत 19 फरवरी को नेपाली ढाबे के बाहर 24 नंबर फाटक के पास हुए दोहरे कत्ल के आरोप में मनराज सिंह सराओ को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंधी डी.एस.पी. इन्वैस्टिगेशन हरमीत सिंह हुन्दल ने बताया कि 19 फरवरी को अमरीक सिंह पुत्र गुरजंट निवासी मजीठिया एन्क्लेव पटियाला और सिमरनजीत सिंह उर्फ हैप्पी पुत्र दर्शन सिंह निवासी प्रताप नगर पटियाला, जोकि दोनों बिजली बोर्ड के कर्मचारी थे, का ढाबे के बाहर अज्ञात व्यक्तियों की तरफ से गोलियां मार कर कत्ल कर दिया गया था। 

पुलिस टीम की तरफ से जब गहराई के साथ मामले की जांच की गई तो मनराज सिंह सराओ (20) और  उसके पिता अमनदीप सिंह (45) पुत्र सुरिन्दर सिंह निवासी गांव दुगाल थाना पातड़ां हाल निवासी एस.ए.एस. नगर मोहाली का नाम सामने आया। पुलिस ने मनराज सिंह सराओ को  गिरफ्तार कर लिया और उससे वारदात में प्रयोग की गई राइफल व 20 जिंदा कारतूस बरामद किए। यह हथियार मनराज सिंह सराओ के नाम पर साल 2018 में मोहाली से जारी हुआ था। पुलिस की तरफ से उसके पिता अमनदीप सिंह की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। 

छोटी सी बात ने करवा दिए 2 कत्ल 
पुलिस जांच में सामने आया कि केवल छोटी सी बात ने 2 कत्ल करवा दिए। मनराज सिंह के पिता अमनदीप सिंह का अपनी पत्नी के साथ झगड़ा चल रहा था। इस कारण वह अपने बेटे के साथ पी.जी. में एक सप्ताह से रह रहा था। दोनों कभी-कभी नेपाली ढाबे पर खाना खाने आ जाते थे। वारदात वाली रात जब मनराज सिंह, जोकि लवली यूनिवर्सिटी जालंधर से बी.ए. कर रहा है और राष्ट्रीय स्तर का शूटर है, ढाबे पर खाना पैक करवाने लगा तो अमरीक सिंह और सिमरनजीत सिंह के साथ छोटी सी बात पर कहासुनी हो गई। उसके बाद अमरीक सिंह व सिमरनजीत सिंह ने मनराज सिंह और उसके पिता की पिटाई की। इससे नाराज हो कर मनराज सिंह पी.जी. गया और अपनी 12 बोर की राइफल लाया। शूटर होने के कारण उसने दूर से ही दोनों का गोलियां मार कर कत्ल कर दिया।  एस.पी. (डी.) ने बताया कि मनराज सिंह के पिता अमनदीप सिंह की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।  

swetha