1 क्विंटल 25 किलो भुक्की और 3400 नशीली गोलियों सहित 3 गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Mar 23, 2019 - 04:21 PM (IST)

फतेहगढ़ साहिब(बख्शी, मग्गो): जिला पुलिस ने 2 विभिन्न मामलों में 1 क्विंटल 25 किलो भुक्की चूरा-पोस्त और 3400 नशीली गोलियों सहित 3 व्यक्तियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। इस संबंधी प्रैस कांफ्रैंस दौरान जिला पुलिस प्रमुख अमनीत कौंडल आई.पी.एस. ने बताया कि एस.पी. (जांच) हरपाल सिंह की निगरानी में चल रही नशा विरोधी मुहिम अधीन सी.आई.ए. स्टाफ सरहिंद के इंचार्ज राजपाल सिंह के आदेशों पर सहायक थानेदार सतविन्दर सिंह ने एक गुप्त सूचना पर चैकिंग दौरान ढोला वाला चौक अमलोह में एक ट्रक (पी.बी.-23-एम-2709) में से 2 सगे भाइयों से डी.एस.पी. गुरशेर सिंह की मौजूदगी में 5 थैले भुक्की चूरा-पोस्त वजन 1 क्विंटल 25 किलो बरामद किए। जिला पुलिस प्रमुख ने बताया कि उक्त दोनों भाइयों की पहचान उमकार सिंह और भवखंडन सिंह उर्फ बिट्टू पुत्र गुरदीप सिंह निवासी गांव अल्लादादपुर अमलोह के तौर पर हुई। प्राथमिक पूछताछ दौरान पता चला कि ये दोनों भाई बाहर के राज्यों से भुक्की चूरा-पोस्त लाकर फतेहगढ़ साहिब 
जिले में बेचते थे। 

उन्होंने बताया कि दोनों भाइयों विरुद्ध मुकद्दमा नंबर 35 एन.डी.पी.एस. एक्ट 15, 61, 85 अधीन मामला थाना अमलोह में दर्ज कर लिया। इसी तरह डी.एस.पी. रमिन्दर सिंह काहलों की हिदायत पर थाना मुलेपुर के एस.एच.ओ. भगवंत सिंह की रहनुमाई में सहायक थानेदार नायब सिंह ने पुलिस पार्टी सहित नाकाबंदी दौरान गांव पतारसी नजदीक जी.टी. रोड पर एक नौजवान से 3400 नशीली गोलियां बरामद कीं, जोकि मोटरसाइकिल (एच.आर.-01-एक्स-2675) पर सवार होकर आ रहा था। नौजवान की पहचान विजय कुमार पुत्र शक्ति कुमार निवासी बलदेव नगर अंबाला के तौर पर हुई जिसके खिलाफ थाना मुलेपुर में मामला दर्ज किया गया है। इस अवसर पर एस.पी. (डी) हरपाल सिंह, डी.एस.पी. मेजर क्राइम जसविन्दर सिंह टिवाना, सी.आई.ए. सरहिन्द के इंचार्ज राजपाल सिंह आदि उपस्थित थे।

swetha