धान से भरी ट्राली की लूट की नीयत से किया  था बलदेव सिंह का कत्ल, 3 गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Nov 10, 2018 - 11:56 AM (IST)

पटियाला/नाभा(बलजिन्द्र, जगनार, भूपा): थाना सदर नाभा अधीन पड़ते गांव सौजा में साहूकार विजय भंडारी के फार्म हाऊस की चौकीदारी करने वाले बलदेव सिंह पुत्र निरंजन सिंह वासी गांव सौजा के अंधे कत्ल की गुत्थी को पटियाला पुलिस ने सुलझा दिया है। इस मामले में पुलिस ने 3 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें राजवीर सिंह उर्फ राजू पुत्र सेवा सिंह, गोरख सिंह उर्फ गोरखा पुत्र जोरा सिंह गांव सौजा और राम ठाकुर पुत्र सरजू ठाकुर निवासी बिहार हाल निवासी मोटर नंबरदार यादविंदर सिंह गांव सौजा शामिल हैं। 

इस संबंधी एस.एस.पी. मनदीप सिंह सिद्धू ने बताया कि वारदात के लिए इस्तेमाल किया गया डंडा, चोरी किया गया पर्स और गेट की चाभी बरामद कर ली गई है। पटियाला पुलिस द्वारा पिछले 4 महीनों में 7वां अंधा कत्ल ट्रेस किया गया है। इस संबंधी एस.एस.पी. मनदीप सिंह सिद्धू ने बताया कि 30-31 अक्तूबर की रात को बलदेव सिंह पुत्र निरंजन सिंह निवासी गांव सौजा को बांध कर उसका कत्ल कर दिया गया था। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ 302 और 120बी आई.पी.सी. के अंतर्गत केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू की तो डी.एस.पी. नाभा दविंदर अत्तरी के नेतृत्व में एक जांच टीम बनाई गई, जिसमें एस.एच.ओ. सदर जे.एस. रंधावा और सी.आई.ए. स्टाफ नाभा के इंचार्ज एस.आई. गुरमीत सिंह को भी शामिल किया गया। 


डी.एस.पी. अत्तरी के नेतृत्व वाली इस टीम ने इस केस को ट्रेस करते हुए उक्त 3 लोगों को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि पूछताछ दौरान सामने आया कि 30-31 अक्तूबर की मध्य रात्रि को उक्त व्यक्तियों ने आपस में मिल कर शराब पी। फिर पहले से बनाई योजना अनुसार साहूकार विजय भंडारी के फार्म हाऊस में धान की भरी हुई ट्राली और ट्रैक्टर चोरी करने के लिए तीनों ही व्यक्ति मोटरसाइकिल पर सवार हो कर विजय भंडारी के फार्म हाऊस में पहुंचे और दीवार पार करके फार्म हाऊस में दाखिल हो गए। यहां धान की चौकीदारी कर रहे बलदेव सिंह ने आवाज सुनी और आरोपियों पर टार्च मारी।

बलदेव सिंह ने उनको पहचान लिया और तीनों व्यक्तियों ने बलदेव सिंह को पकड़ कर खाट पर फैंक दिया और उसके हाथ-पैर बांध कर डंडों के साथ मारपीट करके उस का कत्ल कर दिया। इसी दौरान उन्होंने ट्रैक्टर की चाभी काफी ढूंढी परन्तु उनको नहीं मिली और उन्होंने कई बार बेहोश हुए बलदेव सिंह को होश में ला कर चाभी ढूंढने की कोशिश की परन्तु इस में सफल नहीं हो सके। इसके बाद वह बलदेव सिंह का पर्स और गेट की चाभी चोरी करके वहां से फरार हो गए। उन्होंने बताया कि तीनों को रिमांड पर लेकर और पूछताछ की जा रही है। 

एस.एस.पी. ने बताया कि इस टीम में शामिल डी.एस.पी. दविंदर अत्तरी, एस.एच.ओ. सदर नाभा जे.एस. रंधावा और सी.आई.ए. स्टाफ नाभा के इंचार्ज गुरमीत सिंह को सर्टीफिकेट और अवार्ड के साथ सम्मानित करने के लिए लिख कर भेज दिया गया है क्योंकि इस टीम की तरफ से काफी बड़ी प्राप्ति की गई। इस मौके एस.पी. इंवैस्टीगेशन मनजीत सिंह बराड़, एस.पी. ट्रैफिक हरमीत सिंह हुंदल, डी.एस.पी. नाभा दविंदर अत्तरी, एस.एच.ओ. सदर जे.एस. रंधावा आदि विशेष तौर पर उपस्थित थे। 

swetha