उपचाराधीन हवालाती फरार

punjabkesari.in Monday, Sep 09, 2019 - 04:21 PM (IST)

पटियाला(बलजिन्द्र): राजिन्द्रा अस्पताल पटियाला में उपचाराधीन हवालाती नवजोत सिंह निवासी बाजीगर बस्ती धूरी, जिला संगरूर फरार हो गया। इस संबंधी थाना सिविल लाइन की पुलिस ने आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस की तरफ से नामजद किए गए आरोपियों में फरार हुआ हवालाती नवजोत सिंह, हैड कांस्टेबल जसवंत सिंह, जेल वार्डन सुखविंदर सिंह और 3 अज्ञात लोगों के नाम शामिल हैं। इस बात की पुष्टि एस.एस.पी. मनदीप सिंह सिद्धू ने की। 

जानकारी अनुसार नवजोत सिंह के खिलाफ थाना बख्शीवाला की पुलिस ने 16 जुलाई, 2019 को एन.डी.पी.एस. एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया था। इस संबंधी वह केन्द्रीय जेल पटियाला में बंद था। इसकी पिछले दिनों अचानक सेहत खराब होने के कारण 6 सितम्बर, 2019 को पटियाला के राजिन्द्रा अस्पताल में दाखिल करवाया गया था जो गत रात पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। 

पुलिस ने उक्त मामले सम्बन्धित प्राथमिक जांच करते हुए पाया कि राजिन्द्रा अस्पताल में इलाज दौरान नवजोत सिंह की तरफ से हैड कांस्टेबल जसवंत सिंह के फोन का प्रयोग करके अपने 3 अन्य साथियों को बुलाया गया था। उनकी आपसी मिलीभगत के चलते नवजोत सिंह वहां से फरार हो गया, जिसकी जानकारी भी हैड कांस्टेबल जसवंत सिंह ने पुलिस को वारदात से 5 घंटे बाद दी। उसी दौरान जेल वार्डन सुखविन्दर सिंह भी अपनी ड्यूटी से गैर-हाजिर पाया गया। थाना सिविल लाइन की पुलिस ने उक्त मामले संबंधी आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

swetha