अज्ञात व्यक्तियों ने लगाई बैंक में सेंध

punjabkesari.in Saturday, Jul 21, 2018 - 12:12 PM (IST)

पटियाला(बलजिन्द्र) : थाना त्रिपड़ी के अधीन आते सरहिंद रोड पर पड़ते गांव बारन में बने एक बैंक में बीती रात अज्ञात व्यक्तियों ने सेंध लगाई, जिसका पता आज सुबह जब बैंक कर्मचारियों ने बैंक को खोला तो लगा।

बैंक अधिकारियों ने तुरंत संबंधित थाने को फोन पर सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने फिंगर प्रिंट विशेषज्ञों की मदद से बैंक के अंदर से फिंगर प्रिंट प्राप्त किए और बैंक में चोरों द्वारा लाए गए सामान को भी जब्त कर लिया। उक्त घटना का जायजा लेने पहुंचे डी.एस.पी. मोहित अग्रवाल और थाना त्रिपड़ी इंचार्ज राजेश मल्होत्रा ने कहा कि बैंक अधिकारियों द्वारा दी जानकारी के अनुसार अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है।

डी.एस.पी. अग्रवाल ने बताया कि फिलहाल बैंक अधिकारियों से कैश बारे जानकारी नहीं मिल सकी है। बैंक के अंदर और बाहर लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज भी देखी जा रही है, जिससे पता लग सके कि आखिर यह घटना कितने बजे हुई और किन व्यक्तियों ने इसे अंजाम दिया। इस मौके जांच टीम में ए.एस.आई. जतिन्द्र गर्ग भी शामिल थे।

Punjab Kesari