सोनिया गांधी थकी नहीं अब भी सक्रिय : अंबिका सोनी
punjabkesari.in Saturday, Jun 04, 2016 - 01:19 PM (IST)

चंडीगढ़(भुल्लर): पंजाब प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कैप्टन अमरेंद्र सिंह के बीते दिनों राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाने को लेकर दिए बयान के उलट कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं सांसद अंबिका सोनी ने कहा कि सोनिया गांधी थकी नहीं हैं। वह अब भी पूरी सक्रिय हैं व संसद में पूरी तैयारी से जाती हैं। वह पार्टी का नेतृत्व करने में पूरी तरह सक्षम हैं।
उन्होंने प्रैस कांफ्रैंस में कहा कि कैप्टन अमरेंद्र सोनिया गांधी पर दिए अपने पहले बयान को साफ कर चुके हैं कि उनके विचार को सही तरीके से पेश नहीं किया गया। उन्होंने कहा था कि सोनिया गांधी चाहें तो राहुल को अध्यक्ष पद सौंप सकती हैं। अंबिका सोनी ने कहा कि यू.पी.ए.-1 व 2 में सोनिया गांधी ने पार्टी नेतृत्व को पूरे सही तरीके से निभाया। आज भी वह आगे होकर पूरी सक्रियता से काम करती हैं। पूरी पार्टी की यही इच्छा है कि वह आगे भी पार्टी का नेतृत्व करती रहें। उचित समय पर राहुल गांधी भी अध्यक्ष बन सकते हैं।
एक सवाल पर उन्होंने कहा कि 2019 लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी ही पार्टी का चेहरा होंगे। प्रियंका को पार्टी में सक्रिय करने की मांग पर उन्होंने कहा कि बेशक पार्टी कार्यकत्र्ताओं की यह इच्छा है लेकिन यह पारिवारिक मामला है। जबरदस्ती प्रियंका को पार्टी में नहीं लाया जा सकता। सोनी ने कहा कि पंजाब विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत को सुनिश्चित करके सत्ता में वापस लाना ही हमारा मुख्य लक्ष्य है। प्रशांत किशोर की भूमिका को लेकर उन्होंने कहा कि पहले भी पार्टी चुनाव में विशेषज्ञों की सहायता लेती रही है।