सब डिवीजन तपा मंडी अपने हालातों पर बहा रही आंसू

punjabkesari.in Wednesday, Mar 21, 2018 - 02:00 PM (IST)

तपा मंडी (गर्ग,शाम): सवा ग्यारह वर्ष पहले अस्तित्व में आई सब डिवीजन तपा मंडी वर्तमान समय में अपने हालातों पर आंसू बहा रही है, जहां जरूरी अफसर मौजूद नहीं हैं। यदि बात तहसील काम्पलैक्स से शुरू करें तो एस.डी.एम. और तहसीलदार मौजूद न होने कारण उनका अतिरिक्त प्रभार एस.डी.एम. बरनाला और तहसीलदार बरनाला को दिया हुआ है जो सप्ताह के सिर्फ दो दिन ही आते हैं। जिस कारण उनके साथ संबंधित काम करवाने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। मंडी अंदर स्थित गवर्नमैंट सीनियर सैकेंडरी स्कूल में प्रिंसीपल नहीं है।

लोगों का पैसा होता है बर्बाद
इसके अलावा पनसप और एग्रो का दफ्तर भी शहर से बहुत दूर है। ब्लाक खेती अफसर मौजूद न होने के कारण खेती से संबंधित मुश्किलों हेतु किसानों को परेशानियां झेलनी पड़ती हैं। लड़कियों के स्कूल में मुख्य अध्यापिका का पद कई सालों से खाली होने के कारण सीनियर अध्यापिका को पावरें दी हुई हैं, के अलावा बी.डी.पी.ओ. दफ्तर,बी.ई.ओ दफ्तर,सी.डी.पी.ओ. दफ्तर भी शैहणा में स्थित हैं जिस कारण लोगों का काफी पैसा बर्बाद होता है। लंबे समय से चली आ रही बारिश के पानी की निकासी की समस्या ज्यों की त्यों खड़ी है। इस सब डिवीजन की सड़कों की हालत खस्ता है आए दिन राहगीर घायल होते रहते हैं। सरकारी अस्पताल अंदर डाक्टरों की संख्या भी पूरी नहीं है। 

बस स्टैंड भी हो रहा है सफेद हाथी साबित
पूर्व बादल सरकार की तरफ से करोड़ों रुपए लगाकर बनाया बस स्टैंड भी सफेद हाथी साबित हो रहा है। कुल मिला कर यही कहा जा सकता है कि इस सब डिवीजन की हालत किसी पिछड़े कस्बे से भी बदतर हो चुकी है। सिटी वैल्फेयर सोसायटी के प्रधान सतपाल गोयल और चेयरमैन मंगल दास गर्ग का कहना है कि राज्य सरकार द्वारा सब डिवीजन स्तर पर अधिकारियों की पक्के तौर पर ड्यूटी लगाई जाए जिससे लोगों को परेशान न होना पड़े और सभी दफ्तरों को जिला काम्पलैक्स की तरह सब डिवीजन काम्पलैक्स में ही खोला जाए।

Punjab Kesari