मेयर की सख्ती का असर,निगम अधिकारियों ने ठेकेदार का माल वापस भेजा

punjabkesari.in Monday, May 07, 2018 - 09:48 AM (IST)

पटियाला(राजेश): मेयर संजीव शर्मा बिट्टू की तरफ से की जा रही सख्ती का प्रभाव दिखना शुरू हो गया है। रविवार को नगर निगम अधिकारियों ने एक ठेकेदार का माल वापस भेज दिया है। इस कारण उसको 6 लाख रुपए का नुक्सान हो गया। नगर निगम की तरफ से मॉडल टाऊन में सड़कें बनाई जा रही थीं।

 

यहां ठेकेदार की तरफ से बनाई जा रही सड़क पर डाली जा रही प्रीमिक्स ठीक नहीं थी। वह काफी ज्यादा जली हुई थी, जिस कारण उसकी पकड़ ठीक नहीं बन सकती थी। इसकी जानकारी मिलने पर नगर निगम के इंजीनियरिंग ब्रांच के प्रमुख एस.ई. इंजी. एम.एम. स्याल, एक्सियन शाम लाल गुप्ता और एस.डी.ओ. राज पाल सिंगला मौके पर पहुंचे और उन्होंने बनाई गई नई सड़क को उखड़वा कर ठेकेदार को समूचा माल उठाने के लिए कहा। 

 

हालांकि ठेकेदार ने कहा कि वह इसे ठीक कर देगा परन्तु नगर निगम के इंजीनियरिंग विंग के अधिकारियों ने ठेकेदार की कोई सुनवाई नहीं की और उसे कहा कि वह सड़क पर डाली गई कोलतार वाली बजरी उखाड़ कर ले जाए और फिर नया माल लाकर यहां सड़क बनाई जाए। इसके बाद ठेकेदार ने बिछाई गई बजरी जे.सी.बी. के साथ खोद कर अपने ट्रकों में भर ली। कुल 3 ट्रक वापस भेजे गए। ठेकेदार ने कहा कि इसके साथ उसे 5 से 6 लाख रुपए का नुक्सान हो गया है।

 

एस.ई. एम.एम. स्याल ने कहा कि क्वालिटी के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बेशक इसमें ठेकेदार की गलती नहीं है क्योंकि कई बार प्लांट में लुक और बजरी को मिक्स करते समय लुक ज्यादा गर्म हो जाती है, जिस कारण उसका प्रभाव कम हो जाता है। मौके पर ही मॉडल टाऊन रैजीडैंट वैल्फेयर एसो. के प्रधान दलजीत सिंह दुलट, महासचिव गजरानी समेत मॉडल टाऊन के इलाका वासी भी पहुंच गए। उन्होंने इस काम के लिए नगर निगम अधिकारियों की सराहना की। दलजीत सिंह दुलट ने कहा कि निगम अधिकारियों के इस एक्शन से इलाका वासी पूरी तरह संतुष्ट हैं। उन्होंने कहा कि 10 साल बाद पटियाला में विकास कार्य होने लगे हैं, ऐसे में क्वालिटी के साथ कोई समझौता नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम के इंजीनियरों ने सख्त फैसला लिया है जोकि शहर के हित में है। 

swetha