भेड़ों से लदे जे. एंड के. के ट्रक ने दम्पति को रौंदा; पत्नी की मौत

punjabkesari.in Monday, Jul 09, 2018 - 08:07 AM (IST)

जालंधर(महेश): भेड़ें लेकर दिल्ली से जम्मू जा रहे जे. एंड के. नम्बर वाले एक ट्रक ने रविवार को सुबह 8 बजे चौगिट्टी फ्लाईओवर पर जे.सी. रिजोर्ट के सामने अपने आगे जा रहे मोटरसाइकिल सवार पति-पत्नी को रौंद दिया, जिससे 25 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसका पति गम्भीर रूप से घायल हो गया, जिसे मौके पर पहुंची थाना रामा मंडी की पुलिस ने एम्बुलैंस 108 की मदद से सिविल अस्पताल पहुंचाया। 

सड़क पर पड़े महिला के शव को भी पुलिस ने उठाकर सिविल अस्पताल भेज दिया। मामले की जांच कर रहे ए.एस.आई. जितेन्द्रबीर सिंह व जर्मनजीत सिंह ने बताया कि मृतका राजविन्द्र कौर अपने पति बलजीत सिंह निवासी गांव देवीदासपुर थाना करतारपुर के साथ अपने ससुराल जा रही थी। वह शनिवार को अपने पति के साथ मायके घर गांव रायपुर फराला थाना सदर जालंधर में आई थी। आज सुबह 7 बजे दोनों  गांव देवीदासपुर के लिए निकले थे। मृतका का पति बलजीत सिंह पेशे से राजमिस्त्री है। राजविन्द्र कौर की अढ़ाई साल पहले बलजीत सिंह के साथ शादी हुई थी लेकिन अभी उनके कोई औलाद नहीं थी। इसके बावजूद भी पति-पत्नी दोनों में काफी प्यार था। बलजीत सिंह ने बताया कि शनिवार को भी वह खुशी-खुशी ससुरालघर से पत्नी के मायके जाने के लिए निकले थे।

मायके व ससुराल वालों को नहीं आ रहा था मौत पर विश्वास
 हादसे से एक घंटा पहले ही मायके घर से निकली राजविन्द्र कौर की मौत पर मायके व ससुराल दोनों परिवारों को विश्वास नहीं आ रहा था। मायके से चलते समय राजविन्द्र व बलजीत ने कहा कि वह घर पहुंच कर उन्हें फोन करेंगे और ससुराल वाले समझ रहे थे कि बेटा और बहू रास्ते में हैं, कुछ ही देर में घर पहुंच जाएंगे लेकिन उन्हें इस बात का कोई अंदाजा नहीं था कि वे अब कभी भी राजविन्द्र कौर से नहीं मिल सकेंगे।

टोल प्लाजा भोगपुर से पकड़ा आरोपी ट्रक चालक
पुलिस ने हादसे को अंजाम देने के बाद मौके से तेज रफ्तार ट्रक लेकर निकले आरोपी का पीछा कर उसे टोल प्लाजा भोगपुर के नजदीक से पकड़ लिया। उसकी पहचान नूर मोहम्मद पुत्र वजीर अहमद निवासी जम्मू-कश्मीर के रूप में हुई है। उसके खिलाफ थाना रामा मंडी में मृतका राजविन्द्र कौर के पति बलजीत सिंह के बयानों पर केस दर्ज कर लिया गया है। हिरासत में लिए गए आरोपी से पुलिस हादसे को लेकर पूछताछ कर रही है। 

चैगिट्टी फ्लाईओवर ले चुका है कई कीमती जानें
चौगिट्टी फ्लाईओवर पर राजविन्द्र कौर ही नहीं बल्कि कई कीमती जानें पिछले कुछ ही दिनों में जा चुकी हैं। यहां पर अधिकतर हादसे भी तेज रफ्तार ट्रकों, कंटेनरों व टैंकरों के कारण होते हैं। कुछ दिन पहले लम्मा पिंड चौक के पास पैराडाइज कालोनी निवासी बर्तन व्यापारी की पत्नी रेनू और उसके बाद अमृतसर जिले के रहने वाले एक ट्रक चालक मोहिन्द्र सिंह को भी तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया था और मौके पर ही उनकी मौत हो गई थी।

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
ए.एस.आई. जितेन्द्रबीर सिंह व जर्मनजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतका राजविन्द्र कौर का शाम को सिविल अस्पताल से पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है जबकि उसका घायल पति बलजीत सिंह अभी अस्पताल में उपचाराधीन है।

swetha