हथियारों और हेरोइन की खेप सहित 10 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने किया बड़ा खुलासा
punjabkesari.in Monday, Jun 29, 2026 - 06:32 PM (IST)
अमतृसर (रमन) : अमृतसर रूरल पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जानकारी देते हुए SSP रूरल कवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि पुलिस ने अलग-अलग थाना इलाकों में कार्रवाई करके 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 11 पिस्टल, 10 kg 940 ग्राम हेरोइन, 1 kg 19 ग्राम आइस (मेथामफेटामाइन), 52 हज़ार रुपये की ड्रग मनी और बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है।

SSP ने बताया कि घरिंडा थाने के केस नंबर 279 में 2 पिस्टल और 460 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। जबकि केस नंबर 276 में गुरसाहिब नाम के युवक से डेढ़ kg हेरोइन और एक पिस्टल मिली। इस केस की आगे की जांच के दौरान गहरी गांव के रहने वाले सतिंदर को गिरफ्तार किया गया, जिससे करीब 8 kg हेरोइन और पांच पिस्टल बरामद हुई। उन्होंने बताया कि घरिंडा थाने के ही एक और केस में 1 kg 19 ग्राम आइस बरामद हुई। इसके अलावा अजनाला इलाके में नाकाबंदी के दौरान तीन पिस्टल बरामद हुईं, जबकि कथुनांगल थाने के तहत 2 kg हेरोइन और तरसिक्का थाने के तहत भी एक पिस्टल और 9 जिंदा राउंड बरामद हुए।

SSP चहल ने बताया कि जांच के दौरान पता चला है कि बॉर्डर पार से ड्रोन के जरिए बड़ी मात्रा में हेरोइन और हथियार भेजे गए थे। पुलिस लगातार इनके बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक पर काम कर रही है ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि NDPS एक्ट के सेक्शन 68-F के तहत ड्रग तस्करों की करीब 1 करोड़ 20 लाख 30 हजार रुपये की 2 प्रॉपर्टी फ्रीज कर दी गई हैं और दूसरे मामलों में भी कार्रवाई चल रही है। गिरफ्तार किए गए ज्यादातर आरोपियों पर पहले ही आर्म्स एक्ट और NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज हो चुका है। पुलिस का कहना है कि ड्रग्स और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ यह अभियान इसी तरह जारी रहेगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

