मासूम सी दिखने वाली लड़की उंगलियों पर नचा रही है पुलिस को, कर चुकी है बड़ी चोरियां

punjabkesari.in Thursday, Jan 23, 2020 - 02:26 PM (IST)

लुधियाना: शादी में दूल्हा और दुल्हन के रिश्तेदारों को निशाना बनाने वाली 10 वर्षीय लड़की पुलिस को अपनी उंगलियों पर नचा रही है। एक 25 वर्षीय युवक उससे ये चोरियां करवा रहा है। 24 दिनों के अंदर ही दोनों लुधियाना सहित अलग-अलग शहरों में 5 वारदातें कर चुके हैं।

हाल ही में मोहाली और चंडीगढ़ में तीन अन्य वारदातों को अंजाम देकर इस लड़की ने पुलिस को चुनौती दे दी है। यह गिरोह शहर बदल-बदल कर चोरियां कर रहा है। पुलिस को जानकारी मिली है कि ये दोनों मध्य प्रदेश से हैं, पुलिस के पास सी.सी.टी.वी. फुटेज भी है। फिर भी दोनों अभी तक पकड़े नहीं गए। लुधियाना के पुलिस कमिश्नर राकेश अग्रवाल ने कहा कि गैंग को पकड़ने के लिए टीमें बनाईं गई हैं। उन्होंने कहा है कि शादी में नकदी और गहनों वाले पर्स को संभाल कर रखने की जरूरत है, क्योंकि ऐसे समारोह पर कई तरह के गैंग नजर रखते हैं। काम में व्यस्त होने के कारण कई बार लोग अपने सामान की ओर ध्यान नहीं दे सकते और चोर इसका लाभ उठा लेते हैं। 

जानकारी के मुताबिक सराभा नगर के गुरुद्वारा साहिब में सोनी अरोड़ा की बेटी साबिया के शादी के दौरान उसकी नानी हरजीत कौर का पर्स चोरी हो गया। सी.सी.टी.वी. में 10 वर्षीय लड़की पर्स चोरी करती दिखी। पर्स में करीब 1.60 लाख रुपए के गहने थे। सुखबीर कौर बावा के बेटे गुरसिमरन सिंह की शादी दिल्ली के मुखर्जी नगर निवासी जगजीत सिंह हरशरन कौर की बेटी मनमीत कौर के साथ कलास्टन ग्रेड रिजॉर्ट में था। मिलनी के 10 मिनट बाद ही हरशरन का पर्स चोरी हो गया। पर्स में 22 लाख रुपए के गहने और कैश था। शहर के एक रिजॉर्ट में दुल्हन की मां का पर्स चोरी हो गया। पर्स में करीब 4.8 लाख रुपए का कैश था। सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज में दिख रहा है कि चोरी होने से पहले जिस टेबल पर पर्स रखा गया था, उसके नजदीक बच्चे घूम रहे हैं।

वहीं अंकुश शर्मा का विवाह गाजियाबाद निवासी करुणा शर्मा से हो रहा था। 10 वर्षीय लड़की ने अंकुश शर्मा की मां शशि शर्मा का पर्स चोरी कर लिया। इसमें 60 ग्राम सोने के गहने, चांदी की सात अंगूठियां और 50 हजार की नकदी थी। यहां दूल्हे के चाचा मंगत राम का पर्स भी चोरी हो गया। इसमें 10 लाख रुपए के गहने और नकदी थी। चंडीगढ़ के थाना इंडस्टियल एरिया के एस.एच.ओ. जसवीर सिंह ने बताया कि सी.सी.टी.वी. फुटेज में बच्ची के साथ युवक भी नजर आ रहा है। 

Edited By

Sunita sarangal