13 वर्षीय ईसाई लड़की को पांच बच्चों के पिता ने अगवा कर किया निकाह

punjabkesari.in Sunday, May 30, 2021 - 11:10 AM (IST)

गुरदासपुर, पाकिस्तान: पाकिस्तान के शहर गुजरांवाला में एक 13 वर्षीय ईसाई लड़की नायब गिल को पांच बच्चों के पिता ने अगवा कर उसका धर्म परिवर्तन करके निकाह करवाने का समाचार मिला है। नायब गिल के माता-पिता ने अपनी इकलौती लड़की की वापसी की गुहार लगाई है।

सरहद पार सूत्रों के अनुसार गुजरांवाला निवासी रकाब पैगंबर चार लड़कियों और एक लड़के का पिता है। वह नायब गिल के घर कुछ रोज पहले आया और उसके माता पिता को कहने लगा कि उसके बच्चों की देखभाल करने के लिए आपकी लड़की नायब गिल को वह नौकरी दे सकता है और नायब को अपनी लड़की के साथ रखेगा। इस पर नायब सुबह 9 से शाम 5 बजे तक रकाब के घर जाने लगी लेकिन बुधवार उसने रकाब के घर जाने से इंकार कर दिया। उसने बताया कि रकाब उसके साथ अश्लील हरकतें करता है। 

नायब जब रकाब के घर नहीं पहुंची तो गत शुक्रवार देर शाम रकाब कुछ लोगों के साथ नायब के घर आया और उसे जबरदस्ती उठाकर ले गया। इस संबंधी नायब के माता-पिता ने कुछ लोगों के साथ जाकर पुलिस को सूचित भी किया, लेकिन आज सुबह पुलिस ने नायब के माता-पिता को बताया कि नायब ने तो धर्म परिवर्तन कर रकाब के साथ रात को ही निकाह कर लिया था, इसलिए वह कुछ नहीं कर सकते। नायब के माता-पिता ने पाकिस्तान सरकार से अपनी लड़की को उन्हें वापस सौंपने की गुहार लगाई है।

पंजाब और अपने शहर की अन्य खबरें पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Sunita sarangal