14 वर्षीय बच्चा लापता, 5वें दिन भी हाथ नहीं लगा सुराग, लोगों से माता-पिता की भावुक अपील
punjabkesari.in Monday, Mar 16, 2026 - 11:21 AM (IST)
मोगा (कशिश) : मोगा से एक चिंताजनक मामला सामने आया है। यहां छठी पातशाही गुरुद्वारा साहिब के पास रहने वाला 14 साल का एक लड़का पिछले चार दिनों से लापता है। बताया जा रहा है कि लड़का सुबह घर से निकला था लेकिन उसके बाद वापस घर नहीं लौटा। परिवार के सदस्य लगातार उसकी तलाश कर रहे हैं। आखिरी बार वह अपनी साइकिल पर जाते हुए CCTV फुटेज में भी दिखाई दिया है।

बच्चे की मां अमनदीप कौर ने बताया कि उन्होंने अपने बेटे से मोबाइल फोन ले लिया था। इसके बाद उनका बेटा साइकिल लेकर घर से चला गया, लेकिन शाम तक वापस नहीं आया। उन्होंने बताया कि उनके बेटे का नाम कार्तिक है और उसकी उम्र 14 साल है। वह उनका इकलौता बेटा है। दो बेटियों के बाद उन्हें यह बेटा हुआ था।
परिवार ने अपने बेटे की काफी तलाश की और उसके दोस्तों तथा जान-पहचान के लोगों से भी पूछताछ की, लेकिन अभी तक उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। आज उसे लापता हुए पांचवां दिन हो गया है। वहीं बच्चे के पिता ने लोगों से मदद की अपील की है। उन्होंने कहा कि अगर किसी को भी इस बच्चे के बारे में कोई जानकारी मिलती है तो कृपया तुरंत उनसे संपर्क करें।
इस मामले में जानकारी देते हुए एएसआई अजीत सिंह ने बताया कि 14 मार्च को बच्चे के लापता होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और बच्चे की तलाश जारी है। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की है कि अगर किसी को बच्चे के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत मोगा पुलिस या बच्चे के माता-पिता से संपर्क करें।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

