1984 के दंगे कांग्रेस के कारण हुए, राजीव गांधी ने दिया था कत्लेआम का आदेश

punjabkesari.in Monday, Sep 03, 2018 - 08:41 PM (IST)

जालंधर: पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और शिरोमणि अकाली दल के सुप्रीमो ने 1984 के दंगों को लेकर कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा हैै। इस बीच उन्होंने कांग्रेस पर कई आरोप लगाए हैंं। प्रकाश सिंह बादल ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास हमेशा सिख विरोधी रहा है उन्होंने कहा, 1984 के दंगे कांग्रेस के कारण ही हुए हैं। सिखों के कत्लेआम के फरमान राजीव गांधी ने दिए थे। उन्होंने आगे तीखा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस हर मसले पर पंजाबियों और लोगों को गुमराह कर रही है। सिखों के पवित्र स्थान पर भी इंदिरा गांधी ने ही हमला करवाया। दंगों के लिए पूरी कांग्रेस गुनहगार है न की चार लोग। गौरतलब है कि बहबलकलां और कोटकपुरा में हुए प्रदर्शन के बीच हुई गोलीबारी में सिख समुदाय के दो प्रदर्शनकारियों की मौत हो गई थी, 26 अगस्त को इसकी रिपोर्ट विस में पेश की गई, जिस पर उसी दिन बहस हुई थी। 

बादल ने आगे कहा कि बेअदबियों से सारे सिख परेशान थे, अब कांग्रेस सरकार में भी बेअदबियां हो रही हैं, बहबलकलां में गोलीबारी की न मुझे न प्रशासन को सूचना थी, विरोध करने वाले दोनों मामलों को साथ में जोड़कर पेश कर रहे हैं। उन्होंने इन धार्मिक मामलों को सियासी रंग न देने की बात कही है। अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि, रात के दो बजे जब बात हुई थी तो सिर्फ कोटकपुरा मामले पर ही हुई थी, उन्होंने कहा कि मैंने किसी भी प्रदर्शन को रोकने लिए आदेश नहीं दिए थे। केवल  बातचीत के जरिए ही मसला सुलझाने को कहा था, जबकि गोली चलाने का कोई भी फरमान जारी नहीं किया गया था।

बादल ने कहा, मैंने पूर्व प्रधानमंत्री नेहरू के वक्त से कांग्रेस के खिलाफ लड़ाई लड़ी। मैं कायर नहीं हूं। मेरी जिंदगी एक खुली किताब है। सिख मुद्दों के लिए मैंने सबसे ज्यादा जेल काटी है। हम शांति के पक्षधर हैं। कांग्रेस की हिम्मत हो तो गोली चलवा दे, मैं नहीं डरने वाला। बादल ने कांग्रेस पर एक बार फिर से आरोप लगाते हुए कहा, अकाली दल को फंसाने के लिए जांच कमीशन बनाया गया है। जस्टिस रंजीत सिंह का पहले से ही कांग्रेस की तरफ झुकाव रहा है। 

Des raj