भीषण सड़क हादसे में कार सवार 2 सगे भाईयों की मौत, साथी घायल

punjabkesari.in Monday, Oct 28, 2019 - 07:17 PM (IST)

होशियारपुर (अमरेन्द्र): दीपावली के एक दिन पहले शनिवार देर रात साढ़े 12 बजे के करीब जालंधर रोड पर स्थित मंडियाला कस्बे के पेट्रोल पम्प के सामने सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे बेकाबू कार के टकराने से कार में सवार हिमाचल प्रदेश के रहने वाले 2 सगे भाईयों की मौत हो गई वहीं तीसरा साथी अभी भी जालंधर के अस्पताल में जिंदगी व मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। मृतक सगे भाईयों की पहचान 23 वर्षीय संजीव कुमार व 21 वर्षीय रोहित कुमार पुत्र तरसेम लाल निवासी गांव धर्मशाला महंथा खास जिला ऊना तहसील अंब(हिमाचल प्रदेश)और घायल साथी की पहचान विकास शर्मा पुत्र अशोक कुमार शर्मा निवासी गांव जायवाल जिला ऊना हिमाचल प्रदेश के तौर पर हुई। मृतक के साथियों के अनुसार तीनों कार में सवार हो दीपावली से पहले माता चिंतपूर्णी माथा टेकने के लिए जालंधर से देर रात 12 बजे निकले थे।

जोरदार धमाके की आवाज सुन सहम उठे थे लोग
मंडियाला कस्बे में शनिवार देर रात साढ़े 12 बजे ट्रक के पीछे टकराने से तेज आबाज सुन आसपास के लोग सहम उठे। कार में फंसे तीनों ही घायलों की चीख पुकार सुन पेट्रेल पम्प के आसपास के रहने वाले लोग मौके पर पहुंच बचाव व राहत कार्य में जुट मामले की सूचना नसराला पुलिस चौकी के इंचार्ज सुखदेव सिंह को दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच ऐंबुलैंस की सहायता से कार में फंसे तीनों ही घायलों संजीव, रोहित व विकास को लेकर रमा मंडी जालंधर कैंट स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। संजीव व रोहित की हालत को बिगड़ते देख बेहतर इलाज के लिए तडक़े जालंधर सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां दोनों ही मौत हो गई।

पोस्टमार्टम के पश्चात शव किया परिजनों के हवाले
होशियारपुर सिविल अस्पताल परिसर में पोस्टमार्टम कक्ष के बाहर नसराला पुलिस चौकी के इंचार्ज सुखदेव सिंह ने मीडिया को बताया कि हिमाचल प्रदेश के रहने वाले दोनों ही मृतक भाई संजीव व रोहित और घायल विकास शर्मा जालंधर में नौकरी करने के दौरान अचानक चिंतपूर्णी माथा टेकने के लिए निकले थे। मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस इस मामले में बनती कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के पश्चात शव परिजनों के हवाले कर दिया है।

दीपावली के दिन एक साथ हुआ दोनों भाई का अंतिम संस्कार
होशियारपुर सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के पश्चात दोनों ही सगे भाई संजीव व रोहित का शव जब दीपावली के दिन चिंतपूर्णी के निकवर्ती गांव धर्मसाल महंता पहुंचा तो गांव में चारों ही तरफ मातम सा सन्नाटा छा गया। सडक़ हादसे ने मां-बाप के दोनों ही सहारे छीन लिए। गांव के श्मसानघाट में रविवार दोपहर बाद दीपावली के दिन बड़े ही गमगीन माहौल के बीच दोनों ही भाईयों के शव का अंतिम संस्कार किया गया। गांव के लोगों के अनुसार दोनों भाईयों की अभी शादी नहीं हुई थी। संजीव हिमाचल में ही ट्राला चलाता था जबकि छोटा रोहित जालंधर में ड्राईवरी करता था।

Mohit