Video: संगरूर नेशनल हाईवे पर कोहरे के कारण 2 दर्जन वाहन आपस में टकराए

punjabkesari.in Sunday, Nov 03, 2019 - 03:40 PM (IST)

भवानीगढ़(कांसल, विकास): आज सुबह घने कोहरे के कारण संगरूर नेशनल हाईवे पर खराब हुए एक ट्रैक्टर ट्राली को पीछे से आ रही एक पी.आर.टी.सी की बस ने टक्कर मार दी। इस हादसे में ट्रैक्टर चालक किसान की मौत हो गई और उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। इस हादसे के बाद यहां एक के बाद एक करीब 2 दर्जन वाहन आपस में टकरा गए।

घटना में घायल हुए ट्रैक्टर सवार जतिंदरपाल सिंह निवासी गांव बटूहा ने बताया कि आज जब वो किसान गुरप्रीत सिंह के साथ धान की फसल बेचने ट्रैक्टर ट्राली पर जा रहा था तो गांव हरकृष्णपुरा के नजदीक उनका ट्रैक्टर खराब हो गया, जिसे वह सड़क के किनारे खड़ा करके ठीक कर रहे थे। इसी बीच पीछे से आ रही एक पी.आर.टी.सी की बस ने उनकी ट्राली को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि धान से भरी ट्राली घूम कर किसान गुरप्रीत सिंह पर ही पलट गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में वह भी घायल हो गया। मौके पर पहुंची हाईवे पुलिस सहित पुलिस कार्मचारियों ने गुरप्रीत सिंह को काफी मुश्किल से ट्राली के नीचे से बाहर निकाला।

इस हादसे संबंधी जानकारी देते पी.आर.टी.सी. के कंडकटर राजपाल ने बताया कि आज सुबह सड़क पर घना कोहरा होने के कारण सड़क पर कुछ भी नजर नहीं आ रहा था, इसलिए बस चालक को सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर ट्राली नजर नहीं आई। उसने बताया कि जब उनकी बस ट्राली से टकराई तो उनके पीछे आ रही दूसरी पी.आर.टी.सी की बस उनसे टकरा गई। इस हादसे में ए.सी. बस का चालक जतिंदर सिंह घायल हो गया और कई सवारियों को भी मामूली चोटें आईं। सड़क पर घने कोहरे के कारण देखते ही देखते एक के बाद एक करीब 2 दर्जन वाहन आपस में टकराते गए। इन वाहनों में सवार व्यक्तियों को मामूली चोटें आई हैं।

आम लोगों का कहना है कि किसानों द्वारा अपने खेतों में पराली जलाने से घना कोहरा फैला है। लोगों ने सरकार से मांग की कि खेतों में पराली को जलाने से रोकने के लिए सख्त से सख्त कदम उठाए जाएं। 

Edited By

Sunita sarangal