बड़ा हादसाः गोबर गैस प्लांट के कुएं में गिरे 2 किसानों की मौत, देखें मौके की तस्वीरें

punjabkesari.in Saturday, Jun 19, 2021 - 12:59 PM (IST)

समाना (दर्द): गांव दोदड़ा में शनिवार सुबह उस समय बड़ा हादसा हुआ, जब गोबर गैस प्लांट के कुएं में गिरने कारण 2 किसानों की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह दर्शन सिंह (50) पुत्र दया सिंह अपने ही घर में बने गोबर गैस प्लांट के लीक हो रहे पाईप को ठीक करने के लिए प्लांट के निचले हिस्से में उतर गया, जहां उसका पैर तिलक गया। उसे बचाने के लिए बाहर खड़ा गुरध्यान सिंह (32) पुत्र लाभ सिंह भी प्लांट में उतर गया। इसके बाद परिवार की तरफ से गांव में शोर मचाने पर गांव वासियों ने दोनों को बाहर निकाला। इस समय तक गैस लीक होने के कारण दोनों की मौत हो चुकी थी।

मौके पर पहुंची डाक्टरों की टीम की तरफ से दर्शन और गुरध्यान सिंह को मृत घोषित किया गया। उल्लेखनीय हैं कि 10 दिन पहले इस गोबर गैस प्लांट की सफ़ाई की गई थी। किसी कारण पाईप लीक होने के कारण आज यह बड़ा हादसा हुआ। इस मौके पर प्रितपाल सिंह ने बताया कि फ़ोन करने पर एंबुलेंस एक घंटे में गांव पहुंची। फ़िलहाल दोनों मृतकों को पोस्टमार्टम के लिए समाना के सिविल अस्पताल ले जाया गया है।

Content Writer

Vatika