बादल दल को बड़ा झटका; 2 वरिष्ठ सदस्यों ने थामा सरना गुट का दामन

punjabkesari.in Thursday, Feb 04, 2021 - 08:57 AM (IST)

नई दिल्ली: दिल्ली गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के 2 वरिष्ठ सदस्य हरिंदरपाल सिंह और जतिंदर सिंह साहनी ने शिरोमणि अकाली दल (बादल) की पार्टी पॉलिसी और दिल्ली गुरुद्वारों में बढ़ते भ्रष्टाचार से दु:खी होकर पार्टी छोड़ दी है। दोनों सदस्य शिअद के सदस्य होने के साथ ही दिल्ली गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रमुख ओहदेदार भी थे। सूत्रों के अनुसार दोनों डी.एस.जी.एम.सी. के अंदर बढ़ते भ्रष्टाचार और कमेटी प्रधान के ऊपर दर्ज हुई एफ.आई.आर. से नाराज थे। दोनों सदस्यों ने पहले भी गुरु की गोलक के दुरुपयोग और बिगड़ते प्रबंधन को लेकर रोष प्रकट किया था। 

मीडिया से मुखातिब होते हुए सदस्यों ने बताया, ‘‘देखें जिस तरह दिल्ली गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी आज भ्रष्टाचार की वजह से बर्बादी की कगार पर है। इसे संगत के बीच समझाना मुश्किल था। डी.एस.जी.एम.सी. में पंथक मर्यादाएं तार-तार हो रही हैं। हमारे कर्मचारी भूखे तड़प रहे हैं। लेकिन कोई सुनवाई नहीं है। एक पंथक व्यक्ति के लिए यह सब बर्दाश्त नहीं किया जा सकता जिससे मजबूर होकर हमने पार्टी छोड़ी।’’शिरोमणि अकाली दल दिल्ली (सरना) का दामन थामने की वजहों को पूछने पर साहनी और हरिंदर पाल सिंह ने बताया, ‘‘हम सरदार परमजीत सिंह सरना जी को पिछले 25 सालों से पंथ की सेवा करते देख रहे हैं। आप एक निहायत ही नेक और ईमानदार शख्सियत हैं। जिन्होंने अपने समय में ऐतिहसिक विकास और सेवा के काम किए। इन सब वजहों को ध्यान में रखते हुए हम इनके साथ फिर जुड़े हैं।’’

Vatika