8 किलो अफीम व लाखों की ड्रग मनी सहित 2 तस्कर गिरफ्तार

punjabkesari.in Sunday, Jul 07, 2019 - 05:35 PM (IST)

संगरूरः पंजाब के संगरूर में नानकियाना चौक से कल शाम पुलिस ने दो लोगों को काबू कर उनके पास से आठ किलो अफीम पकड़ी। संगरूर के पुलिस उपाधीक्षक सतपाल शर्मा और अधीक्षक (मुख्यालय) हरिंदर सिंह ने आज यहां संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कारर्वाई एक गुप्त सूचना के आधार पर की गई। 

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की शिनाख्त नाभा निवासी रविंदर कुमार शैली और संगरूर के ही अमरगढ़ के निवासी हरप्रीत मोद्गिल के रूप में की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से अफीम के अलावा चार लाख रुपए की नकदी, 32 बोर का एक लाइसेंसी रिवाल्वर और पांच जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार रिवाल्वर किसी जसविंदर सिंह का है और उसके खिलाफ भी शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है हालांकि वह अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। 

पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में पता चला है कि अफीम मध्य प्रदेश के नीमच से एक लाख साठ हजार रुपये प्रति किलो के हिसाब से खरीद कर लाई गई थी जो यहां सवा दो लाख रुपए प्रति किलो बेची जानी थी। पुलिस के अनुसार आरोपी यह कार्य चार साल से कर रहे थे।

Mohit