मैक्सिको के जंगलों में रास्ता भटके 9 लोग, भूख से तड़प-तड़प कर 2 की मौत

punjabkesari.in Wednesday, Aug 22, 2018 - 09:26 AM (IST)

कपूरथला/बेगोवाल (भूषण/ राजिन्द्र/ बब्बला): अमरीका जाने की कोशिश में मैक्सिको के जंगलों में भारी गर्मी व भूख से तड़प-तड़प कर कस्बे बेगोवाल से संबंधित देवेंद्रपाल सिंह (18) व नवांशहर के बंगा क्षेत्र निवासी गुस्ताव की उस समय मौत हो गई जब वह एक लड़की सहित 8 अन्य युवकों के साथ घने जंगलों में रास्ता भटक गए।

जानकारी के अनुसार देवेंद्रपाल सिंह पुत्र सुखविंद्र सिंह निवासी वार्ड नंबर-2 बेगोवाल टांडा के बल्ला निवासी एक कबूतरबाज को 24 लाख रुपए नकद देकर 13 जून को नई दिल्ली से हवाई रास्तों से ग्रीस, इटली, स्पेन तथा मैक्सिको पहुंचा। इस पूरे ग्रुप में 8 लड़के व एक लड़की भी शामिल थी जिनको बाद में एक बस में बिठा दिया गया। इस दौरान सभी को खाना नहीं मिला तथा इन सभी युवकों व लड़की को पानी की 2 बोतलें ही दी गईं। इसके उपरांत उनको एक जंगल में छोड़ दिया गया जहां रास्ते भटकने से सभी बेहोश हो गए। इस दौरान बेगोवाल निवासी देवेंद्रपाल सिंह  तथा नवांशहर के बंगा क्षेत्र निवासी गुस्ताव नामक युवक की मौत हो गई। 

इस पूरी घटना की सूचना युवकों के साथ अमरीका जाने की कोशिश कर रही लड़की ने मृतक देवेंद्रपाल सिंह के अमरीका के इंडियाना प्रदेश में रह रहे चाचा को दी। उन्होंने लड़के के माता-पिता को उसकी मौत की सूचना दी। सूचना मिलते ही डी.एस.पी. भुलत्थ देवेंद्र सिंह संधू ने मृतक देवेंद्रपाल सिंह के घर का दौरा किया तथा उसके पिता तथा दादा के साथ संवेदना व्यक्त की। बताया जाता है कि फिलहाल जहां  युवक के परिजनों ने टांडा क्षेत्र के कबूतरबाज का नाम पुलिस को जुबानी तौर पर बताया है।वहीं उन्होंने पुलिस को लिखित बयान बुधवार को करवाने की बात कही है। गौर हो कि जिले में करीब डेढ़ महीना पहले नडाला कस्बे के एक लड़के की अमरीका जाने की कोशिश में मैक्सिको के नजदीक मौत हो गई थी। 

swetha